Movie prime

भाजपा नेता रमेश सिंह यादव के फार्म हाउस में लूट, तमंचे के बल पर सोने की चेन, अंगूठी और कड़ा उतरवाया

 
.....
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

कानपुर। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश मंत्री और बिधनू के पूर्व ब्लॉक प्रमुख रमेश सिंह यादव के फार्म हाउस में सोमवार देर रात लूट की वारदात सामने आई है। आरोप है कि नकाबपोश दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर उन्हें धमकाया और गले की सोने की चेन, अंगूठी, हाथ का कड़ा और नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों के बीच करीब 50 लाख रुपये की लूट होने की चर्चा है, हालांकि इस रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जानकारी के मुताबिक, रमेश सिंह यादव का फार्म हाउस सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के न्यूरी गांव में स्थित है। सोमवार रात करीब 11 बजे वह लखनऊ से लौटे थे। इसके बाद वह फार्म हाउस के हॉल में सोफे पर अकेले बैठे थे। बताया जा रहा है कि उनके फार्म हाउस पहुंचने के बाद सुरक्षा गार्ड भी अपने घर चले गए थे।

इसी दौरान मौका पाकर दो नकाबपोश बदमाश हॉल में घुस आए। आरोप है कि दरवाजा खुला देखकर अंदर पहुंचे बदमाशों ने रमेश सिंह यादव के सामने तमंचा तान दिया और उन्हें धमकाते हुए सोने की चेन, अंगूठी और हाथ का कड़ा उतरवा लिया। बदमाशों ने नकदी भी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना पर चुप्पी, मीडिया की एंट्री पर रोक

घटना के बाद रमेश सिंह यादव फिलहाल इस मामले में खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। बताया जा रहा है कि फार्म हाउस में मीडिया के प्रवेश को भी प्रतिबंधित कर दिया गया है। वहीं, आसपास के क्षेत्र में लूट की रकम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

फिलहाल, कथित तौर पर लूटी गई रकम और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक बयान के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।