Movie prime

BJP अध्यक्ष नितिन नवीन का पहला यूपी दौरा आज, 36 घंटे रहेंगे लखनऊ में; 2027 चुनावी रणनीति पर होगा मंथन

 
Nitin
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को पहली बार उत्तर प्रदेश के दौरे पर लखनऊ पहुंच रहे हैं। उनके स्वागत की तैयारियां जोर-शोर से की गई हैं। एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक 50 से अधिक स्थानों पर उनका स्वागत किया जाएगा। इसके लिए करीब 50 हजार कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की तैनाती की गई है, जबकि राजधानी में एक लाख से अधिक पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं।

सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के साथ होगी बैठक

नितिन नवीन 36 घंटे तक लखनऊ में रहेंगे। शनिवार को होटल ताज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस बैठक में संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।

RSS नेताओं से भी करेंगे मुलाकात

रविवार को भाजपा अध्यक्ष राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यालय भारती भवन जाएंगे, जहां क्षेत्रीय प्रचारक अनिल कुमार और प्रांत प्रचारक कौशल कुमार के साथ बैठक करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान संगठन और संघ के बीच समन्वय को और मजबूत बनाने पर चर्चा होगी।

2027 विधानसभा चुनाव रहेगा मुख्य फोकस

भाजपा अध्यक्ष के इस दौरे का सबसे अहम एजेंडा वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को माना जा रहा है। पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) फॉर्मूले से हुए राजनीतिक प्रभाव का विश्लेषण करेगी और उसकी रणनीतिक काट तलाशने पर मंथन करेगी। साथ ही 2027 में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की रणनीति तैयार की जाएगी।

नई प्रदेश टीम से पहली मुलाकात

हाल ही में घोषित भाजपा की नई प्रदेश टीम से भी नितिन नवीन पहली बार संवाद करेंगे। इस टीम में अभिजात मिश्रा, रजनी पांडेय, राहुल वाल्मीकि, यतेंद्र शर्मा और अंकुर शर्मा जैसे युवा नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी संगठन में नई ऊर्जा और समन्वय को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है।

सूत्रों के मुताबिक, अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर भी संगठन की ओर से आगे की रणनीति और संदेश पर विचार किया जा सकता है।