यूपी MLC चुनाव में BJP को झटका, लखनऊ स्नातक सीट पर सपा की कांति सिंह ने 17 हजार से ज्यादा वोटों से दर्ज की जीत
लखनऊ: यूपी में MLC चुनाव के नतीजों के बीच बीजेपी को झटका लगा है। लखनऊ खंड स्नातक सीट पर समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी कांति सिंह ने जीत दर्ज की है। उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार अवनीश कुमार को 17,127 वोटों से हराया। इस जीत के साथ सपा ने लखनऊ स्नातक सीट पर कब्जा जमा लिया है।
घोषित नतीजों के मुताबिक, कांति सिंह को कुल 56,905 वोट मिले, जबकि बीजेपी के अवनीश कुमार को 39,778 वोट हासिल हुए। दोनों प्रत्याशियों के बीच मुकाबले में कांति सिंह ने स्पष्ट बढ़त बनाते हुए जीत दर्ज की।
वहीं, लखनऊ खंड शिक्षक सीट पर बीजेपी ने जीत हासिल की है। ऐसे में शिक्षक सीट पर जीत के बावजूद स्नातक सीट पर हार बीजेपी के लिए झटका मानी जा रही है।
सपा ने कांति सिंह को दी बधाई
कांति सिंह की जीत के बाद समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल के जरिए उन्हें बधाई दी। पार्टी ने पोस्ट में लिखा, "लखनऊ खंड स्नातक MLC चुनाव में समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी कांति सिंह जी को जीत की बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं।"
सपा ने इस जीत को पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के प्रयासों का परिणाम बताया।
अखिलेश यादव ने विजयी प्रत्याशियों को दी बधाई
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक खंड चुनावों में जीत हासिल करने वाले पार्टी प्रत्याशियों को बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से जीत के बाद संयम बरतने और सोशल मीडिया के जरिए अपनी खुशी साझा करने की अपील की।
अखिलेश यादव ने कहा कि जीत के बाद कोई हो-हल्ला या जुलूस न निकाला जाए, ताकि माहौल खराब होने की आशंका न रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी को सतर्क रहने की जरूरत है। साथ ही उन्होंने बीजेपी पर राजनीतिक माहौल बिगाड़ने की साजिश किए जाने की आशंका भी जताई।
जीत में सहयोग करने वालों का होगा सम्मान
अखिलेश यादव ने विजयी प्रत्याशियों से उन कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों की सूची तैयार करने को कहा, जिन्होंने चुनाव में उनका सहयोग किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसे सभी लोगों का सम्मान करेगी।
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि वह सभी विजयी प्रत्याशियों का स्वयं अभिनंदन करेंगे और संभव हुआ तो उनके क्षेत्रों में जाकर उनसे मुलाकात भी करेंगे।
