Movie prime

काशी से गोरखपुर तक दिखेगी वीरों की गौरवगाथा, यूपी के 12 जिलों में लगेंगी कांस्य प्रतिमाएं

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में महापुरुषों, वीर योद्धाओं और महान नेताओं के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए योगी सरकार एक नई पहल करने जा रही है। प्रदेश के 12 जिलों के प्रमुख स्थानों पर ऐतिहासिक हस्तियों की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इनमें महाराणा प्रताप, पृथ्वीराज चौहान, गुरु गोरखनाथ, सरदार वल्लभभाई पटेल और महाराजा सूरजमल जैसी महान विभूतियां शामिल हैं।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मंगलवार को इस योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्कृति विभाग ने प्रतिमाओं की स्थापना के लिए चबूतरों का निर्माण शुरू करा दिया है। सरकार का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को देश के वीरों और महापुरुषों के इतिहास से परिचित कराना और उनके जीवन से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित करना है। खास बात यह है कि इस योजना में पूर्वांचल के वाराणसी, गाजीपुर और गोरखपुर को भी शामिल किया गया है।

वाराणसी में लगेगी महाराणा प्रताप की 12.5 फीट ऊंची प्रतिमा

इस योजना के तहत वाराणसी में गलट बाजार पुलिस चौकी के पास महाराणा प्रताप की 12.5 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यह प्रतिमा घोड़े पर सवार मुद्रा में होगी। इसके अलावा गोरखपुर में हवाई अड्डे के पास महायोगी गुरु गोरखनाथ की 12.5 फीट ऊंची खड़ी कांस्य प्रतिमा लगाई जाएगी।

गाजीपुर में भी लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 12.5 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा स्थापित होगी। इस तरह पूर्वांचल के तीन प्रमुख जिलों में इतिहास और वीरता से जुड़ी इन विभूतियों की प्रतिमाएं नजर आएंगी।

 लखनऊ से आगरा तक स्थापित होंगी ऐतिहासिक हस्तियों की प्रतिमाएं

योजना के तहत राजधानी लखनऊ में पृथ्वीराज चौहान की 12.5 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यह प्रतिमा घोड़े पर सवार मुद्रा में होगी। वहीं, आगरा में महाराजा सूरजमल की अश्वारोही प्रतिमा लगाई जाएगी।

शाहजहांपुर के बरेली मोड़ पर महाराणा प्रताप की घोड़े पर सवार प्रतिमा स्थापित होगी। मुरादाबाद में तुकना स्थित लोहिया पार्क के पास भी महाराणा प्रताप की प्रतिमा लगाई जाएगी।

प्रतापगढ़ में सरदार वल्लभभाई पटेल की 12.5 फीट ऊंची खड़ी कांस्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। गोंडा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की छह फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा लगाने की तैयारी है।

 इन विभूतियों को भी मिलेगी जगह

फिरोजाबाद जिले की जसराना तहसील के मछान गांव में शहीद कैप्टन देवेश कुमार कुलश्रेष्ठ की तीन फीट ऊंची कांस्य आवक्ष प्रतिमा स्थापित की जाएगी। वहीं, महाराजगंज के जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल पीजी कॉलेज में शिब्बन लाल सक्सेना की छह फीट ऊंची सफेद संगमरमर की प्रतिमा लगाई जाएगी।

इसके अलावा रामपुर में प्रस्तावित महाराणा प्रताप की प्रतिमा का स्थान बदलकर बाराबंकी कर दिया गया है। इस तरह प्रदेश के कुल 12 जिलों में प्रतिमाएं स्थापित करने की योजना बनाई गई है।

चबूतरों का निर्माण शुरू, जल्द स्थापित होंगी प्रतिमाएं

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के मुताबिक, प्रतिमाओं को स्थापित करने के लिए संस्कृति विभाग की ओर से आधार स्तंभ यानी चबूतरों का निर्माण कराया जा रहा है। इस काम में संबंधित जिलों के जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।

चबूतरों का निर्माण पूरा होने के बाद प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। हालांकि, सरकार की ओर से अभी इनके अनावरण या स्थापना की कोई निश्चित तारीख घोषित नहीं की गई है।