Movie prime

Chandauli : पूर्वांचल में पहली बार महिला गो तस्कर गिरफ्तार, अनोखे अंदाज में चल रहा था तस्करी का खेल

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
चंदौली: पूर्वांचल में गो तस्करी के एक बड़े और चौंकाने वाले मामले का खुलासा हुआ है। सैयदराजा पुलिस ने पहली बार एक महिला गो तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बेहद अनोखे और शातिर तरीके से तस्करी को अंजाम दे रहा था।

पुलिस के अनुसार, गिरोह वाराणसी के ग्रामीण इलाकों से दलालों के जरिए मवेशियों की खरीद करता था और उन्हें पिकअप वाहनों के माध्यम से बिहार बॉर्डर तक पहुंचाया जाता था। शक से बचने के लिए हर बार केवल एक ही मवेशी को वाहन में लादा जाता था, जिससे यह सामान्य परिवहन जैसा लगे।

तस्करी का सबसे चौंकाने वाला तरीका यह था कि वाहन में चालक के बगल में एक महिला को बैठाया जाता था। इससे पुलिस चेकिंग के दौरान गाड़ी पर शक नहीं होता था और उसे आसानी से आगे बढ़ने दिया जाता था। पूछताछ के दौरान महिला ने पहले खुद को मायके मवेशी ले जाने की बात कही, लेकिन सख्ती करने पर पूरे नेटवर्क का खुलासा हो गया।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान महिला, चालक, एक मवेशी और पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि एक मवेशी को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए महिला को करीब 1000 रुपये, जबकि चालक और वाहन मालिक को लगभग 5000 रुपये मिलते थे।

प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि यह नेटवर्क वाराणसी से लेकर बिहार सीमा तक फैला हुआ है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे गिरोह की कड़ियों को जोड़कर आगे की कार्रवाई कर रही है।