Movie prime

चार दिन में छिना चार्ज! रीलबाज दरोगा प्रकाश सिंह झूंसी SHO पद से हटाए गए

 
....
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

प्रयागराज में झूंसी कोतवाली के थानाध्यक्ष बनाए गए दरोगा प्रकाश सिंह को महज चार दिन बाद ही थाने के चार्ज से हटा दिया गया। सोमवार रात उन्हें पद से हटाकर उनकी जगह इंस्पेक्टर नरेश कुमार को झूंसी कोतवाली की जिम्मेदारी दी गई है। नरेश कुमार इससे पहले नवाबगंज में अतिरिक्त निरीक्षक के पद पर तैनात थे।

प्रकाश सिंह को अचानक थाने के चार्ज से हटाए जाने की आधिकारिक वजह अभी पुलिस विभाग की ओर से स्पष्ट नहीं की गई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर उनकी रील और वीडियो बनाने की गतिविधियों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

प्रकाश सिंह को चार दिन पहले ही झूंसी कोतवाली का थानाध्यक्ष बनाया गया था। इससे पहले वह पासपोर्ट सेल में तैनात थे। थाने का चार्ज संभालने के बाद जब वह झूंसी पहुंचे तो कई लोगों ने बुके देकर उनका स्वागत किया। इस दौरान बनाए गए वीडियो और रील सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। प्रकाश सिंह पहले भी सोशल मीडिया पर रील और वीडियो को लेकर चर्चा में रहे हैं। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई वीडियो और रील मौजूद हैं।

चार्ज मिलने के बाद सामने आए स्वागत के वीडियो के बाद उनके अचानक हटाए जाने से सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर चर्चा तेज हो गई। हालांकि, पुलिस विभाग ने कहीं भी यह नहीं कहा है कि प्रकाश सिंह को रील बनाने या सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने के कारण हटाया गया है। ऐसे में इस तरह की चर्चाओं की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


अप्रैल में मऊ में मारपीट का वीडियो भी हुआ था वायरल

प्रकाश सिंह 2015 बैच के दरोगा हैं और मूलरूप से मऊ के रहने वाले बताए जाते हैं। प्रयागराज से पहले वह वाराणसी में भी तैनात रह चुके हैं। 25 अप्रैल को मऊ में सामने आए एक वीडियो को लेकर भी उनका नाम चर्चा में आया था। वीडियो में कुछ लोगों के साथ दरोगा प्रकाश सिंह के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही थी।

इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी को मिली जिम्मेदारी

प्रकाश सिंह को झूंसी कोतवाली के चार्ज से हटाए जाने के बाद अब इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी को थाने की जिम्मेदारी दी गई है। डीसीपी सिटी सागर जैन ने बताया कि झूंसी कोतवाली में इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी की तैनाती की गई है। हालांकि, प्रकाश सिंह को हटाए जाने के कारण के बारे में उन्होंने जानकारी होने से इनकार किया।