बच्चे 9, पति 4... हाथ जोड़कर रहम मांगता रहा तीसरा पति, पत्नी ने बनाया बंधक, आधा सिर मुंडवाकर पहनाई जूतों की माला
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर अपने दूसरे पति के साथ मिलकर तीसरे पति को बंधक बनाने और उसके साथ अमानवीय व्यवहार करने का आरोप लगा है। आरोप है कि महिला और उसके साथी ने युवक का आधा सिर मुंडवा दिया, उसकी आधी मूंछ काट दी और गले में जूतों की माला पहना दी। इस दौरान पीड़ित हाथ जोड़कर रहम की गुहार लगाता रहा। घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने के बाद मामला सामने आया।
इंस्टाग्राम पर हुई थी पहचान, मंदिर में की थी शादी
पीड़ित नरेंद्र (37) मूल रूप से मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र के डडोस कुसमरा गांव का रहने वाला है। नरेंद्र के मुताबिक उसकी पहचान हरदोई निवासी सोनिया यादव से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। सोनिया ने पहले उसे फोन किया और धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी। करीब आठ दिन तक बातचीत के बाद दोनों मिलने के लिए कन्नौज के गौरीघाट पहुंचे।
नरेंद्र का दावा है कि इसके बाद वह सोनिया को गुरुग्राम ले गया, जहां कुछ समय बाद दोनों ने मंदिर में शादी कर ली। परिवार की नाराजगी के बावजूद दोनों करीब ढाई साल तक साथ रहे।
महिला की पहले भी हो चुकी थीं दो शादियां
नरेंद्र के मुताबिक, शादी के बाद उसे सोनिया की पिछली जिंदगी के बारे में जानकारी हुई। उसका दावा है कि सोनिया की पहली शादी से तीन बच्चे हैं, जबकि बाद में उसने हरदोई के खुर्रमपुरवा निवासी मुन्ना यादव से शादी की थी। इस शादी से उसके छह बच्चे बताए जा रहे हैं। यानी महिला के कुल नौ बच्चे हैं।
नरेंद्र के अनुसार जुलाई 2026 में सोनिया की तबीयत खराब हुई तो उसके कहने पर वह उसे गौरीघाट छोड़ आया था। इसके बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा और गुरसहायगंज के एक होटल में उनकी कई बार मुलाकात हुई।
चौथे व्यक्ति से बातचीत को लेकर हुआ विवाद
नरेंद्र का आरोप है कि सोनिया ने अलग-अलग मौकों पर उससे करीब 40 हजार रुपये भी लिए थे। 25
सितंबर को वह बहादुरगढ़ से गुरसहायगंज पहुंचा और सोनिया से मिला। इसी दौरान उसने महिला का मोबाइल देखा। आरोप है कि मोबाइल में किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत की जानकारी मिलने के बाद दोनों के बीच विवाद हो गया।
नरेंद्र के मुताबिक, इसी दौरान करीब पांच महीने की गर्भावस्था को लेकर भी बातचीत हुई। विवाद बढ़ने पर उसने सोनिया को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद सोनिया कथित तौर पर उसे अपने गांव खुर्रमपुरवा ले गई और मुन्ना यादव के घर में रिश्तेदार बताकर ठहरा दिया।
बंधक बनाकर किया गया अमानवीय व्यवहार
आरोप है कि बाद में मुन्ना यादव को नरेंद्र और सोनिया के संबंधों की जानकारी हो गई। इसके बाद दोनों ने नरेंद्र को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट करते हुए उसका आधा सिर मुंडवा दिया। उसकी आधी मूंछ भी काट दी गई और गले में जूतों की माला पहना दी गई।
वायरल वीडियो में नरेंद्र हाथ जोड़कर रोते हुए रहम की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि उसे कई घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया और इसी दौरान वीडियो बनाया गया।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने लिया संज्ञान
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। हरपालपुर के क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार के मुताबिक, पुलिस ने वीडियो को संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीओ ने बताया कि पीड़ित नरेंद्र की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं है और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
