दिवाली से पहले यूपी के 5 हजार से अधिक आउटसोर्स कर्मचारियों को सीएम योगी का तोहफा, समय पर मानदेय देने के आदेश
उत्तर प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेजों और चिकित्सा संस्थानों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। दीपावली से पहले सभी कर्मचारियों को मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस संबंध में चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशक ने संबंधित संस्थानों के अधिकारियों को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
निर्देशों के मुताबिक, सेवा प्रदाता फर्मों को आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समयसीमा के भीतर कर्मचारियों का मानदेय भुगतान करना होगा। इसका उद्देश्य त्योहार से पहले कर्मचारियों को समय पर उनका मेहनताना उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
महानिदेशक की ओर से भेजे गए पत्र में भुगतान प्रक्रिया को लेकर जिम्मेदारियां भी स्पष्ट की गई हैं। यदि मानदेय के भुगतान में किसी तरह की समस्या या विषम परिस्थिति उत्पन्न होती है, तो इसके लिए संबंधित मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य, संस्थान के निदेशक और सेवा प्रदाता फर्म की जिम्मेदारी तय होगी।
चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधीन प्रदेश के विभिन्न राजकीय मेडिकल कॉलेजों और चिकित्सा संस्थानों में पांच हजार से अधिक आउटसोर्स कर्मचारी कार्यरत हैं। ऐसे में दीपावली से पहले मानदेय भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश से बड़ी संख्या में कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
