Movie prime

CM योगी ने किया लखनऊ में ऑर्गन ट्रांसप्लांट का उद्घाटन, बनेगा 350 बेड का ट्रॉमा सेंटर, बोले- यूपी में 16.5 लाख कर्मी...

 
CM yogi
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस समय करीब 16.5 लाख कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें से लगभग 9.5 लाख कर्मचारियों की भर्ती मौजूदा सरकार के कार्यकाल में की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल वर्तमान जरूरतों के हिसाब से काम करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि समय से आगे की सोच के साथ प्रदेश के विकास की गति को और तेज करेगी।

मुख्यमंत्री रविवार को लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के छठे स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार रुकने या पीछे रहने वाली नहीं है। जरूरत के मुताबिक भविष्य की चुनौतियों को पहले से समझते हुए योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।

इससे पहले सीएम योगी ने संस्थान में ऑर्गन ट्रांसप्लांट यूनिट का शुभारंभ किया। इसके साथ ही इमरजेंसी विभाग में 40 बेड के नए वार्ड का भी लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि संस्थान में 350 बेड क्षमता वाले ट्रॉमा सेंटर का निर्माण भी किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख कम करना पड़ेगा।

संस्थान के स्थापना दिवस समारोह का आयोजन गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जूपिटर हॉल में रविवार शाम चार बजे से किया गया। इस दौरान संस्थान के निदेशक डॉ. सीएम सिंह ने ऑर्गन ट्रांसप्लांट यूनिट की सुविधाओं की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि नई यूनिट के शुरू होने के बाद मरीजों को संस्थान में ही किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा मिल सकेगी। इसके अलावा संस्थान में बोनमैरो और लिवर ट्रांसप्लांट की सुविधाएं शुरू करने की दिशा में भी तैयारियां चल रही हैं।

नई चिकित्सा सुविधाओं और ट्रॉमा सेंटर के निर्माण से लोहिया संस्थान में गंभीर मरीजों के इलाज की क्षमता और बढ़ने की उम्मीद है।