Movie prime

गोरखपुर में विपक्षियों पर बरसे सीएम योगी, बोले- नौकरी गिनते-गिनते थक जाएंगे, हम नौकरी देते-देते नहीं थकेंगे’...

 
CM Yogi
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर में प्रदेश में रोजगार और विकास के क्षेत्र में हुए कामों का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार अब तक साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर सप्ताह युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं और सरकार आगे भी इसी तरह रोजगार देने का काम जारी रखेगी।

विपक्ष पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने की आजादी है। विपक्ष नौकरियों की गिनती करते-करते थक जाएगा, लेकिन उनकी सरकार युवाओं को नौकरी देते-देते नहीं थकेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं है, बल्कि उद्योग, निवेश और बुनियादी ढांचे के विस्तार के जरिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

सड़क और फोरलेन कनेक्टिविटी में बदलाव

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में हुए सड़क निर्माण और फोरलेन परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज रोड से झुंगिया गेट, फर्टिलाइजर और दूसरे प्रमुख मार्गों तक सड़क संपर्क में बड़ा बदलाव आया है। केचन सिंह चौराहे से गोरखनाथ थाना और बरगदवा से स्पोर्ट्स कॉलेज होते हुए मोदीपुर तक फोरलेन कनेक्टिविटी का भी उन्होंने जिक्र किया।

योगी ने कहा कि बेहतर सड़क और एक्सप्रेसवे नेटवर्क की वजह से गोरखपुर से लखनऊ और वाराणसी की यात्रा पहले के मुकाबले आसान और कम समय में पूरी हो रही है। उन्होंने गोरखपुर से वाराणसी की दूरी करीब ढाई घंटे में तय होने की बात कही।

एक्सप्रेसवे से मजबूत हुई कनेक्टिविटी

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाली कनेक्टिविटी को भी विकास का अहम हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे नेटवर्क के विस्तार से गोरखपुर की राजधानी लखनऊ के साथ-साथ प्रदेश के दूसरे हिस्सों से भी आवाजाही आसान हुई है।

एयर और रेल कनेक्टिविटी का भी विस्तार

योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में हवाई और रेल सेवाओं के विस्तार को भी उपलब्धियों में शामिल किया। उन्होंने कहा कि आज गोरखपुर से देश के कई हिस्सों के लिए हवाई सेवा उपलब्ध है। वहीं, रेल नेटवर्क के जरिए भी शहर की कनेक्टिविटी पहले की तुलना में बेहतर हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, एक्सप्रेसवे, रेल और हवाई कनेक्टिविटी में सुधार के साथ प्रदेश में निवेश और रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ी हैं। उन्होंने इन बदलावों को डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों से जोड़ते हुए कहा कि सरकार प्रदेश के लोगों के सुख-दुख में उनके साथ खड़ी है।