अखिलेश के गढ़ मैनपुरी में गरजे सीएम योगी, बोले- अब यूपी में न कर्फ्यू-न दंगा, सब चंगा'....
मैनपुरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को मैनपुरी पहुंचकर जिले को 682 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने 111 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 19 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी वितरित किया।
मंच पर पहुंचते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मैनपुरी की ऐतिहासिक और पौराणिक धरती को नमन किया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस पवित्र भूमि पर आने का अवसर मिला है। सीएम ने कहा कि वह करहल और मैनपुरी की जनता को विकास परियोजनाओं का उपहार देने आए हैं।
'पहले मैनपुरी के नाम से लोग डरते थे'
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब मैनपुरी का नाम सुनकर लोग घबराते थे। यहां के युवाओं को दूसरे जिलों में किराये पर कमरा तक नहीं मिलता था, लेकिन आज स्थिति बदल चुकी है। अब मैनपुरी के व्यापारी और युवा देश में कहीं भी जाते हैं तो उन्हें सम्मान मिलता है।
उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहचान का संकट उन लोगों ने खड़ा किया, जिन्होंने बेटियों के सामने भय का माहौल बनाया था।
यूपी अब बीमारू नहीं, विकास की नई पहचान बना रहा है
सीएम योगी ने कहा कि इतना बड़ा प्रदेश बीमारू कैसे हो सकता है। आज उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था में बड़ा योगदान दे रहा है और विकास के नए रिकॉर्ड बना रहा है। उन्होंने कहा कि मैनपुरी में सड़क, संग्रहालय, मंदिर और अन्य कई परियोजनाओं पर लगातार काम चल रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास योजनाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं है। बेटियां आज सुरक्षित माहौल में पढ़ाई कर रही हैं और योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है।
किसानों और कारीगरों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने किसानों के हितों को प्राथमिकता दी है। किसानों को नलकूप के लिए मुफ्त बिजली दी जा रही है और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ भी मिल रहा है। उन्होंने मैनपुरी की प्रसिद्ध तारकशी कला को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने की बात भी कही।
सपा पर जमकर बरसे सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारों में गुंडागर्दी का माहौल था। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश को गुंडा और माफिया मुक्त बनाने का संकल्प लिया था।
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में न कर्फ्यू है और न दंगे। सभी त्योहार शांतिपूर्ण और उत्साह के साथ मनाए जा रहे हैं।
अखिलेश यादव पर बिना नाम लिए तंज
सीएम योगी ने सपा मुखिया पर बिना नाम लिए निशाना साधते हुए कहा कि पहले वाले मुख्यमंत्री देर से उठते थे और युवाओं के मुद्दों पर ध्यान नहीं देते थे। उन्होंने कहा कि पहले नौकरियों में भ्रष्टाचार होता था, लेकिन अब युवाओं को बिना पैसे और बिना सिफारिश के रोजगार मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि सपा को सिर्फ अपना परिवार दिखाई देता है, जबकि भाजपा सरकार सबका विकास करने के लिए काम कर रही है।
कांवड़ यात्रा का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले कांवड़ यात्रा को रोकने का काम किया जाता था, लेकिन अब डबल इंजन की सरकार में कांवड़ यात्रा पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली जाती है। उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक यात्रा में अब बाधा नहीं डाली जाती।
682 करोड़ की योजनाओं से बदलेगी मैनपुरी की तस्वीर
सीएम योगी ने कहा कि आज प्रदेश में मंदिरों और पर्यटन स्थलों के विकास पर काम हो रहा है। उन्होंने बताया कि शिकोहाबाद-भोगांव मार्ग के चौड़ीकरण सहित कई परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। स्वच्छ पेयजल योजना, ऑडिटोरियम और मॉडल स्कूल जैसी योजनाओं से जिले के लोगों को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मॉडल स्कूल में कक्षा 1 से 12 तक पढ़ाई की सुविधा होगी। गरीब हो या अमीर, किसान हो या युवा—डबल इंजन की सरकार सभी के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
