Movie prime

CM योगी का बड़ा ऐलान, यूपी पुलिस, होमगार्ड और दरोगा के पदों पर होगी 1 लाख भर्ती

 
CM Yogi
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि इस साल उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग में 1 लाख नई भर्तियां की जाएंगी। इनमें होमगार्ड, सिपाही और दरोगा के पद शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 936 रेडियो ऑपरेटरों को जॉइनिंग लेटर भी वितरित किए और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं।

‘9 साल में 2.20 लाख पुलिसकर्मियों की भर्ती’

सीएम योगी ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में प्रदेश में 2 लाख 20 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से भर्ती की गई है। उन्होंने कहा, “कई राज्यों की कुल पुलिस संख्या भी 2.20 लाख नहीं होगी। उत्तर प्रदेश ने यह रिकॉर्ड पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए बनाया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 500 से ज्यादा कुशल खिलाड़ियों को भी पुलिस बल में शामिल किया गया है, जिससे राज्य का प्रदर्शन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर हुआ है।

‘अब नौकरी के लिए सिफारिश या पैसे की जरूरत नहीं’

सीएम योगी ने कहा कि वर्तमान सरकार में भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनाई गई है। उन्होंने कहा, अब किसी को नौकरी के लिए सिफारिश या पैसे देने की जरूरत नहीं पड़ती। योग्यता, क्षमता और आरक्षण नियमों के आधार पर भर्ती हो रही है। मुख्यमंत्री ने हाल ही में 60 हजार से अधिक सिपाहियों की पासिंग आउट परेड का जिक्र करते हुए कहा कि एक साथ इतनी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को ट्रेनिंग देना उत्तर प्रदेश की बड़ी उपलब्धि है।

पुलिस व्यवस्था में हुए बड़े बदलाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले कई जिलों में पुलिस लाइन तक नहीं थी और कई थानों के पास अपने भवन नहीं थे।

उन्होंने बताया कि अब हाईराइज बैरक बनाए गए हैं, मॉडल थाने तैयार हो रहे हैं, नए फायर स्टेशन स्थापित किए गए हैं। एसएसएफ और एसडीआरएफ का गठन हुआ है।

तीन महिला पुलिस बटालियन बनाई गई हैं

हर जिले में मोबाइल फॉरेंसिक लैब

उत्तर प्रदेश पुलिस की आधुनिक व्यवस्था का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि प्रदेश के हर जिले में दो-दो मोबाइल फॉरेंसिक लैब संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षित तकनीशियन और सैंपल कलेक्शन टीमों की तैनाती की गई है, ताकि जांच प्रक्रिया और मजबूत हो सके।
‘कानून का राज विकास की पहली गारंटी’
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था की वजह से बड़े निवेशक राज्य में निवेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “कानून का राज विकास की पहली गारंटी होता है। जब माहौल सुरक्षित होता है, तभी उद्योग और निवेश बढ़ता है।”
मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों से फिट रहने और पूरी ईमानदारी के साथ जनता की सेवा करने की अपील भी की।