Movie prime

यूपी में बढ़ने लगी ठंड, सुबह कोहरे की चादर में लिपटे शहर; प्रयागराज में 3.4 डिग्री लुढ़का पारा

 
UP Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ रहा है, वहीं कई शहरों में कोहरे और धुंध ने भी दस्तक दे दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम केंद्र लखनऊ की ओर से जारी मौसम अवलोकन के मुताबिक, प्रदेश के कई हिस्सों में नमी का स्तर काफी बढ़ गया है। हवा की गति कम रहने और वातावरण में अधिक आर्द्रता के चलते सुबह के समय कोहरा और धुंध छाने की स्थिति बन रही है।

लखनऊ में बुधवार सुबह 6:30 बजे तक तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आर्द्रता 100 प्रतिशत रही। इस दौरान हवा पूरी तरह शांत रही। मौसम केंद्र के अनुसार, बुधवार को शहर में सूर्योदय सुबह 6:28 बजे और सूर्यास्त शाम 5:15 बजे होगा।

प्रयागराज में 3.4 डिग्री गिरा न्यूनतम तापमान

प्रयागराज में भी मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। दिन के तापमान में गिरावट के साथ अब रातें भी ठंडी होने लगी हैं। सोमवार की तुलना में मंगलवार को न्यूनतम तापमान में 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को रात का तापमान 18 डिग्री था, जो मंगलवार को घटकर 14.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

तापमान में आई इस गिरावट से सुबह और रात के समय ठंड बढ़ गई है। मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले छह दिनों तक सुबह के समय कोहरा या धुंध छाई रह सकती है। इसके साथ ही अधिकतम तापमान में भी धीरे-धीरे गिरावट आने के संकेत हैं।

बरेली और बहराइच में भी बदलेगा मौसम

बरेली में तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बुधवार को यहां घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। वहीं बहराइच में तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज अयोध्या के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बुधवार को मौसम शुष्क रह सकता है। औसत तापमान सामान्य से कम रहने और पश्चिमी हवा चलने की संभावना है।

गोरखपुर में सुबह कोहरा, दिन में साफ रहेगा मौसम

गोरखपुर में तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बुधवार सुबह हल्का कोहरा छा सकता है, हालांकि दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होने की संभावना है। वहीं देवरिया और बस्ती में बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है।

मेरठ में भी गिर सकता है तापमान

मेरठ में मंगलवार को अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 67 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 34 प्रतिशत रही। बुधवार को यहां तापमान करीब 21.6 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आर्द्रता 62 प्रतिशत तक रह सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, हवा शांत रहने की संभावना है।

सुबह और रात में बढ़ेगी ठंड
कुल मिलाकर उत्तर प्रदेश में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। खासकर सुबह और देर रात लोगों को ठंड का ज्यादा एहसास हो रहा है। कई जिलों में कोहरे और धुंध की स्थिति बनने से सुबह के समय दृश्यता भी प्रभावित हो सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने और सुबह घर से निकलते समय गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी जाती है।