Movie prime

यूपी में कड़ाके की ठंड का कमबैक : तापमान में आएगी बड़ी गिरावट, IMD का अलर्ट

 
UP Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश में एक बार फिर सर्दी ने जोर पकड़ लिया है। कोहरे के साथ कोल्ड डे जैसी स्थितियां लौट आई हैं, जिससे आम जनजीवन की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने संकेत दिए हैं कि अगले 24 घंटे बाद प्रदेश के कई जिलों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, 12 जनवरी को पश्चिमी यूपी के साथ-साथ पूर्वी यूपी के कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा करीब 10 से अधिक शहरों में शीत दिवस (कोल्ड डे) जैसे हालात बन सकते हैं। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

लखनऊ और नोएडा का आज का मौसम

राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह हल्का कोहरा देखने को मिलेगा, जबकि दिन चढ़ने के साथ धूप खिलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

वहीं नोएडा में सुबह के समय घना कोहरा छाने और पूरे दिन कोल्ड डे जैसी स्थिति बने रहने की आशंका है। इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां न्यूनतम तापमान 3 डिग्री और अधिकतम 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। अगले तीन दिनों तक नोएडा के लोगों को ठंड से राहत मिलने की उम्मीद कम है।

40 जिलों में कोहरे का कहर

पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार को प्रदेश के 40 जिलों में कोहरा देखने को मिलेगा। इनमें से 20 जिलों में घना से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, बिजनौर, मेरठ, बागपत, बुलंदशहर, हापुड़, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, बलरामपुर और संतकबीरनगर में कोहरे और कोल्ड डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा रामपुर, बरेली, बलिया, चित्रकूट, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली, गोंडा, सीतापुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, संभल और मुरादाबाद सहित आसपास के जिलों में 300 से 800 मीटर तक दृश्यता वाला कोहरा छाए रहने की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

तापमान में और गिरावट के आसार

बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अगले 24 घंटे के बाद प्रदेश में ठंड और बढ़ेगी। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

बीते 24 घंटे में प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान मेरठ में 4.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं गोरखपुर, कुशीनगर और आजमगढ़ में जीरो विजिबिलिटी वाला घना कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, खासकर सुबह और देर रात यात्रा से बचने की सलाह दी है।