Movie prime

बाढ़ और अतिवृष्टि से बर्बाद हुई फसलों का मिलेगा मुआवजा, गोरखपुर से CM योगी 9.18 लाख अन्नदाताओं के खातों में भेजेंगे 493 करोड़ 

 
Cm yogi
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश में बाढ़ और अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए योगी सरकार प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता देने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को गोरखपुर स्थित योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 9.18 लाख से अधिक किसानों को कृषि निवेश अनुदान की राशि जारी करेंगे। इसके तहत 493 करोड़ रुपये की सहायता राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी जाएगी। कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।

राहत आयुक्त कार्यालय के मुताबिक, चालू वित्तीय वर्ष की शुरुआत से 9 अक्टूबर तक प्रदेश में बाढ़, अतिवृष्टि, चक्रवात और ओलावृष्टि के कारण फसल क्षति झेलने वाले 9,18,091 किसानों को चिह्नित किया गया है। इन किसानों को नुकसान की भरपाई के लिए कृषि निवेश अनुदान दिया जा रहा है, ताकि वे अगली फसल की तैयारी और खेती से जुड़ी जरूरतों को पूरा कर सकें।

दरअसल, सितंबर के अंतिम सप्ताह में चक्रवात के साथ हुई भारी बारिश और बाढ़ के कारण प्रदेश के कई जिलों में फसलों को नुकसान पहुंचा था। खेतों में पानी भरने से धान समेत दूसरी फसलें प्रभावित हुईं। इसके बाद प्रशासन ने फसल क्षति का आकलन कर प्रभावित किसानों को राहत देने की प्रक्रिया शुरू की। बाढ़ का पानी उतरने के साथ ही सहायता राशि किसानों तक पहुंचाने की कार्रवाई तेज की गई।

राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार, फसल क्षति के सापेक्ष कृषि निवेश अनुदान के लिए 169 करोड़ रुपये पहले ही जिलों को जारी किए जा चुके हैं। इनमें से 1,29,326 किसानों को 78.75 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। अब मुख्यमंत्री की मौजूदगी में 493 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी की जाएगी।

सरकार की इस पहल से प्राकृतिक आपदाओं के कारण आर्थिक नुकसान झेल रहे किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, प्रत्येक किसान को मिलने वाली सहायता राशि फसल क्षति और निर्धारित मानकों के आधार पर अलग-अलग हो सकती है।