लखनऊ के होटल में प्रेमी युगल ने दी जान, एक फंदे पर लटके मिले, सुसाइड नोट बरामद
लखनऊ के चिनहट इलाके में एक होटल में प्रेमी युगल के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। दोनों करीब 18 दिनों से होटल में कमरा लेकर रह रहे थे। बुधवार को दिनभर कमरे से बाहर नहीं निकलने पर होटल कर्मचारियों को शक हुआ। शाम करीब 8 बजे कर्मचारी ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद खिड़की से देखने पर दोनों के शव कमरे में मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मामला चिनहट स्थित रेड बिल्डिंग गेस्ट हाउस का है। पुलिस ने दूसरी चाबी से कमरे का दरवाजा खुलवाया। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को आर्य समाज मंदिर से जारी शादी का प्रमाणपत्र मिला। इसमें युवक का नाम अमित कुमार और युवती का नाम नरगिस उर्फ पूजा दर्ज है। पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें दोनों ने अपनी मर्जी से यह कदम उठाने की बात लिखी है। नोट में परिवार के लोगों को परेशान नहीं किए जाने की अपील की गई है। दोनों ने नोट के अंत में हस्ताक्षर भी किए हैं।
हरदोई के रहने वाले थे दोनों
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, 22 वर्षीय अमित कुमार हरदोई के हरपालपुर और 19 वर्षीय नरगिस पालिया की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि दोनों के परिवार उनके रिश्ते के खिलाफ थे। इसके बाद दोनों घर से निकलकर लखनऊ आ गए और यहां होटल में रहने लगे।
होटल कर्मचारी राकेश यादव ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर दरोगा धनंजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे से कपड़ों का बैग, मोबाइल फोन, चार्जर और रोजमर्रा के इस्तेमाल का सामान भी बरामद हुआ है। सुसाइड नोट में दोनों के पते दर्ज होने के बाद पुलिस ने हरदोई पुलिस से संपर्क किया।
23 अगस्त को दर्ज हुई थी अपहरण की शिकायत
जांच में यह भी सामने आया कि नरगिस के पिता उस्मान ने 23 अगस्त को हरपालपुर थाने में बेटी के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया था कि 21 अगस्त की सुबह करीब तीन बजे उनकी बेटी घर पर थी। इसी दौरान अमित कुमार के वहां पहुंचने और उसे अपने साथ ले जाने की बात कही गई थी। परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन नरगिस का पता नहीं चल सका था।
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस बरामद दस्तावेजों और सुसाइड नोट के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही दोनों के परिवारों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
