Movie prime

धर्मेंद्र यादव का भाजपा पर हमला: वोटर लिस्ट में गड़बड़ी कर चुनाव जीतने की कोशिश का आरोप

 
धर्मेंद्र यादव का भाजपा पर हमला: वोटर लिस्ट में गड़बड़ी कर चुनाव जीतने की कोशिश का आरोप
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने भाजपा सरकार पर सत्ता के दुरुपयोग और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी कर बेइमानी से चुनाव जीतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा का संविधान और लोकतंत्र में विश्वास नहीं है तथा वह दमन, अत्याचार और फर्जी मुकदमों के सहारे चुनाव जीतना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता ऐसे प्रयासों को कामयाब नहीं होने देंगे।

शनिवार को अनवरगंज स्थित पीडीए भवन मुख्य पार्टी कार्यालय में एसआईआर के सिलसिले में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए धर्मेंद्र यादव ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने संघर्ष और मुस्तैदी के साथ खड़े होकर भाजपा के फॉर्म-7 को भरने की कोशिशों को नाकाम किया।

बैठक में उन्होंने भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकारों पर जनहित के मुद्दों की अनदेखी कर केवल पूंजीपतियों के हित में काम करने का आरोप भी लगाया। सियासी तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अमेरिका के साथ रेट डील कर किसानों की कमर तोड़ने का काम किया है। साथ ही इस्राइल समेत कई पूंजीवादी देशों से हथियारों के समझौते पर भी सवाल उठाए। उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी बढ़ने तथा निवेश के नाम पर केवल घोषणाएं होने का भी आरोप लगाया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने की। इस मौके पर एमएलसी व राष्ट्रीय महासचिव बलराम यादव, विधायक व पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव, सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, विधायक आलमबदी आजमी, डॉ. संग्राम यादव, अखिलेश यादव, नफीस अहमद, डॉ. एचएन सिंह पटेल, बेचई सरोज, पूजा सरोज, कमलाकांत राजभर और जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव समेत कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।