पश्चिमी विक्षोभ का असर: यूपी में 70 KMPH की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, आज लखनऊ समेत 44 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार को तेज आंधी और बारिश देखने को मिली। राजधानी Lucknow समेत बाराबंकी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, गाजियाबाद, संभल, फर्रुखाबाद और हाथरस में बारिश हुई, जबकि बरेली सहित पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में दिनभर बादल छाए रहे।
लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में तड़के तेज आंधी चली, जिसके बाद बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। फिलहाल आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और कई जगहों पर रुक-रुक कर बूंदाबांदी जारी है।
इस बीच मौसम विभाग ने अगले तीन घंटे के लिए लखनऊ और आसपास के जिलों में आंधी-तूफान और तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। मोबाइल अलर्ट के जरिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विभाग के मुताबिक, बिजली चमकने के साथ 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई है।
प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से मौसम लगातार बदला हुआ है। आंधी और बारिश की वजह से अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते मौसम में यह बदलाव आया है। गुरुवार को प्रदेश के 44 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बिजनौर में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जिससे वहां रात सबसे ठंडी रही।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक Atul Singh ने बताया कि उत्तर भारत के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से लगातार बादल बन रहे हैं। बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी भरी हवाएं और पश्चिम से आने वाली सूखी हवाओं के टकराव से वातावरण अस्थिर हो गया है। उन्होंने कहा कि गुरुवार तक मौसम खराब बना रहेगा, जबकि शुक्रवार से मौसम में कुछ सुधार देखने को मिल सकता है। इसके बाद गर्मी फिर से असर दिखाएगी।
अगले 5 दिनों का मौसम अपडेट
8 मई: पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा, जबकि पूर्वी यूपी में आंधी और बारिश की संभावना है।
9 मई: पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी होगी।
10 मई: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि बादल छाए रह सकते हैं। गर्मी बढ़ेगी।
11 मई: पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी यूपी में मौसम साफ रहेगा।
12 मई: पूरे प्रदेश में बादल छाए रहेंगे। कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज आंधी चलने के आसार हैं।
