Movie prime

बागपत में आठवीं की छात्रा ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान, सुसाइड नोट में लिखा- मुझे पढ़ाई करनी थी, पर...

 
....
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

बागपत। जिले के एक गांव में आठवीं कक्षा की करीब 15 वर्षीय छात्रा द्वारा जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मामला बागपत के शहर कोतवाली क्षेत्र का है। मृतका (परिवर्तित नाम आरती) दोपहर करीब दो बजे घर पर ही थी। परिजनों के मुताबिक, उसने पहले घर के सभी सदस्यों को चाय बनाकर पिलाई और फिर यह कहकर अपने कमरे में चली गई कि उसे नींद आ रही है। करीब एक घंटे बाद जब वह बाहर नहीं आई तो परिजन उसे देखने पहुंचे। कमरे में पहुंचने पर वह अचेत अवस्था में मिली।

घबराए परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. विजय प्रकाश ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ शुरू की।

सुसाइड नोट बरामद

पुलिस को छात्रा की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है। नोट में उसने लिखा था— “मैंने गलती की थी, मुझे अपनी गलती का पछतावा था। मैंने माफी मांगी, पर किसी ने मेरी नहीं सुनी। मुझे पढ़ाई करनी थी, पर सबने मना कर दिया। इसलिए मैं जीना नहीं चाहती। पापा मुझे माफ कर देना।”

शुरुआत में परिजनों ने बुखार के कारण मौत होने की बात कही, लेकिन प्रथम दृष्टया जांच में जहरीला पदार्थ निगलने की आशंका जताई गई है। जांच अधिकारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। सुसाइड नोट की भी जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर पड़ताल जारी है।

घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, छात्रा पढ़ाई में रुचि रखती थी और आगे पढ़ना चाहती थी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।