Movie prime

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: ट्रक में जा घुसी अर्टिगा, 3 युवा टेनिस खिलाड़ियों की मौत

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवा टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 97.500 के पास सुबह करीब 5 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि अर्टिगा कार में छह लोग सवार थे और सभी लखनऊ में आयोजित टेनिस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के बाद देवरिया लौट रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार अर्टिगा आगे चल रहे एक अज्ञात ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

हादसे में तीन खिलाड़ियों की मौके पर मौत

दुर्घटना में देवरिया के लार थाना क्षेत्र के लखौरा निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि तीनों पेशेवर टेनिस खिलाड़ी थे और लखनऊ में आयोजित टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के बाद अपने घर लौट रहे थे।

घायल जयंतो शर्मा के मुताबिक, सफर के दौरान कार में सवार सभी लोग नींद में थे। इसी दौरान अचानक कार आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

तीन लोग गंभीर रूप से घायल

हादसे में कार सवार आनंद यादव (23), तैयर बुजुर्ग निवासी राजू (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के जमुनी निवासी जयंतो शर्मा (30) पुत्र जनार्दन गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा कर्मी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर घायलों को एंबुलेंस की मदद से कुमारगंज स्थित 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज, दर्शननगर रेफर कर दिया गया।

चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से घटना की जानकारी ली और हादसे से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में पूछताछ की।

फरार ट्रक की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ और अर्टिगा की रफ्तार कितनी थी, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और एक्सप्रेसवे पर उपलब्ध अन्य माध्यमों की मदद से दुर्घटना में शामिल अज्ञात ट्रक की पहचान करने में जुटी है। हादसे में तीन युवा खिलाड़ियों की मौत की खबर से उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है।