Movie prime

बेटी की शादी से लौट रहा परिवार हादसे का शिकार, स्कार्पियो-ट्रेलर भिड़ंत में 5 की मौत
 

 
 बेटी की शादी से लौट रहा परिवार हादसे का शिकार, स्कार्पियो-ट्रेलर भिड़ंत में 5 की मौत
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

मऊ। बेटी की शादी की खुशियां मातम में बदल गईं, जब घर लौट रहा एक ही परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया। शनिवार देर रात दोहरीघाट थाना क्षेत्र के कुसुम्हा बशारतपुर के पास गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत कुल पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जिले के खोराबार थाना क्षेत्र के रानीडीहा निवासी विनय श्रीवास्तव (60) अपनी बेटी की शादी के सिलसिले में झारखंड के रांची गए थे। शादी संपन्न होने के बाद वह अपनी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव (58) और इकलौते बेटे कृतार्थ श्रीवास्तव (27) के साथ स्कार्पियो से घर लौट रहे थे। वाहन बिहार के गया निवासी चालक पुरुषोत्तम (47) चला रहा था, जबकि दूसरा चालक नितीश (46) पीछे बैठा था। परिवार के साथ उनका पालतू कुत्ता भी मौजूद था।

बताया जा रहा है कि शनिवार रात करीब 2:30 बजे कुसुम्हा बशारतपुर के पास शारदा सहायक खंड-32 नहर कॉलोनी के सामने चालक को झपकी आ गई। इसके चलते स्कार्पियो अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर दूसरी लेन में जाकर सामने से आ रहे ट्रेलर से भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कार्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सभी सवार उसमें फंस गए।

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी घोसी जितेंद्र सिंह और थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वाहन को काटकर सुबह करीब पांच बजे सभी पांचों शवों को बाहर निकाला। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।

सीओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल करा दिया गया है। इस हृदयविदारक घटना से मृतकों के गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।