Movie prime

पहले वृंदावन बुलाया, फिर महिलाओं ने लाठी-डंडों से पीटा, साधु पर शोषण और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

मथुरा के वृंदावन में सोमवार रात एक गेस्ट हाउस में उस समय हंगामा हो गया, जब कुछ महिलाओं ने एक साधु को कमरे से बाहर खींचकर उसकी पिटाई कर दी। महिलाओं ने साधु पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह विधवा और निसंतान महिलाओं को अपने झांसे में लेकर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाता था और बाद में आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करता था। घटना का वीडियो मंगलवार को सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और साधु को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

महिलाओं का आरोप है कि साधु हिम्मत गिरी उर्फ हेमंत राज मीणा करीब 100 महिलाओं को अपने जाल में फंसा चुका है। आरोप है कि वह अलग-अलग तरीकों से महिलाओं से संपर्क करता था और खास तौर पर विधवा व निसंतान महिलाओं को निशाना बनाता था। महिलाओं का यह भी कहना है कि बदनामी के डर से कई पीड़िताएं उसके खिलाफ शिकायत नहीं कर सकीं।

सात महीने पहले राजस्थान में दर्ज हुई थी शिकायत

मामले में भोपाल की रहने वाली एक महिला ने करीब सात महीने पहले राजस्थान पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला के मुताबिक, उसकी मुलाकात चित्तौड़गढ़ के एक देवी मंदिर में सवाई माधोपुर निवासी साधु हिम्मत गिरी से हुई थी। इसके बाद साधु ने उससे संपर्क बढ़ाया और कथित तौर पर उसे अपने जाल में फंसा लिया।

महिला का आरोप है कि साधु ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। इसके बाद महिला ने चित्तौड़गढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद साधु वहां से फरार हो गया था।

आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि साधु महिलाओं के साथ संबंध बनाने के दौरान उनके आपत्तिजनक वीडियो भी बना लेता था। बाद में इन्हीं वीडियो के जरिए उन्हें बदनाम करने की धमकी देकर कथित तौर पर ब्लैकमेल किया जाता था। महिलाओं का कहना है कि सामाजिक बदनामी के डर से कई पीड़िताएं सामने नहीं आईं।

एक अन्य महिला ने आरोप लगाया कि उसकी पहचान साधु से फेसबुक के जरिए हुई थी। उसके मुताबिक, साधु अलग-अलग नामों से महिलाओं से संपर्क करता था और बाद में उन्हें अपने प्रभाव में ले लेता था। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि साधु ने उसके साथ मारपीट की और बाल पकड़कर खींचे।

महिलाओं ने योजना बनाकर साधु को वृंदावन बुलाया

महिलाओं के मुताबिक, साधु लगातार ठिकाने बदल रहा था, जिसकी वजह से उसे पकड़ना मुश्किल हो रहा था। इसके बाद कुछ महिलाओं ने विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों से संपर्क किया। विहिप के मथुरा महानगर गोरक्षा प्रमुख लक्ष्मण सिंह के अनुसार, महिलाओं और कार्यकर्ताओं ने मिलकर साधु को पकड़ने की योजना बनाई।

इसी योजना के तहत साधु से संपर्क कर उसे वृंदावन बुलाया गया। बताया गया कि वह चैतन्य बिहार स्थित एक गेस्ट हाउस में ठहरा हुआ था। इसकी जानकारी मिलते ही कुछ महिलाएं वहां पहुंच गईं और उसके कमरे में घुसकर उसकी पिटाई शुरू कर दी।

वायरल वीडियो में महिलाएं साधु को कमरे से बाहर खींचती और उसके साथ मारपीट करती दिखाई दे रही हैं। कुछ महिलाएं उसे लाठी-डंडों से पीटती नजर आ रही हैं, जबकि कुछ ने चप्पल और लात-घूंसों से उसकी पिटाई की। इसके बाद साधु को खींचकर गेस्ट हाउस के बाहर लाया गया।

पुलिस ने साधु को हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलने पर वृंदावन पुलिस मौके पर पहुंची और साधु को अपने साथ कोतवाली ले गई। वृंदावन कोतवाली के इंस्पेक्टर क्राइम धर्मेंद्र सिंह के मुताबिक, एक महिला ने पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत में आरोपी को राजस्थान का रहने वाला और पीड़िता को मध्य प्रदेश का निवासी बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, शिकायत में घटना राजस्थान में होने की बात कही गई है और आरोपी को पकड़ने के लिए उसे वृंदावन बुलाया गया था। पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत और सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल साधु पर लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। महिलाओं द्वारा की गई मारपीट के वीडियो के सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है।