UP में बाढ़ का खतरा बढ़ा! 11 जिलों में Flash Flood का अलर्ट, गंगा-यमुना उफान पर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर ने चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के 11 जिलों में कम से मध्यम स्तर की अचानक बाढ़ (Flash Flood) और जलभराव की चेतावनी जारी की है। वहीं कानपुर, बुंदेलखंड और आसपास के इलाकों में गंगा, यमुना, मंदाकिनी समेत कई सहायक नदियां उफान पर हैं।
सबसे ज्यादा असर तटवर्ती इलाकों में दिखाई दे रहा है। फर्रुखाबाद में करीब 100 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं, जिससे 75 हजार से अधिक लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कई इलाकों में लोगों को आवागमन और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
उधर कानपुर में गंगा का जलस्तर समुद्र तल से 112.84 मीटर तक पहुंच गया है। नदी के आसपास बसे तटवर्ती गांव पानी से घिरने लगे हैं। प्रशासन की ओर से लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
उन्नाव में भी गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से 84 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच चुका है। वहीं फतेहपुर में गंगा खतरे के निशान से महज दो सेंटीमीटर नीचे बह रही है। ऐसे में जलस्तर में मामूली बढ़ोतरी भी आसपास के इलाकों के लिए परेशानी बढ़ा सकती है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बीच प्रशासन ने संवेदनशील और नदी किनारे बसे इलाकों में सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया है। आने वाले 24 घंटे कई जिलों के लिए अहम माने जा रहे हैं, क्योंकि लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर से अचानक बाढ़ और जलभराव का खतरा बना हुआ है।
