Movie prime

यूपी से कोहरे की छुट्टी, लेकिन ठंड से अभी नहीं मिलेगी राहत, इस दिन से फिर मौसम ले सकता है करवट

 
UP Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

UP Weather : उत्तर प्रदेश में कोहरे की छुट्टी भले ही खत्म हो गई हो, लेकिन लोगों को ठंड से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, प्रदेश में आने वाले दिनों में तापमान लगभग स्थिर रहेगा, जबकि सुबह-शाम ठंड का असर बना रहेगा।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 9 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिसका असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है। हालांकि, फिलहाल अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

सभी जिले ग्रीन जोन में

लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के मुताबिक रविवार (8 फरवरी) को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के सभी जिले ग्रीन जोन में हैं। फिलहाल किसी भी जिले के लिए मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि, आज प्रदेश के कई हिस्सों में 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे के बाद तेज हवाओं का दौर भी थम जाएगा। 9 और 10 फरवरी को भी प्रदेश के सभी जिले ग्रीन जोन में ही रहेंगे।

सुबह दिख सकता है हल्का कोहरा

रविवार को अयोध्या, अमेठी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, रायबरेली, वाराणसी, मिर्जापुर, आजमगढ़, सोनभद्र, चंदौली, मेरठ, कानपुर, आगरा, जौनपुर, गाजीपुर, मथुरा, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, पीलीभीत, गोरखपुर, संतकबीरनगर, रामपुर, बरेली, महराजगंज, कुशीनगर, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर और देवरिया समेत कई जिलों में आसमान साफ रहेगा।
हालांकि कुछ जगहों पर सुबह के समय हल्का छिछला कोहरा दिखाई दे सकता है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा।

लखनऊ में चलेंगी तेज हवाएं

राजधानी लखनऊ में रविवार को तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है, हालांकि मौसम साफ बना रहेगा। 9 फरवरी से यहां भी हवाओं की रफ्तार में कमी आएगी। अनुमान है कि आज लखनऊ का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। वहीं दिल्ली से सटे नोएडा में भी आज 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

सुबह-शाम बनी रहेगी ठंड

बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, अगले 2 से 3 हफ्तों तक प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सुबह और शाम के समय ठंड का असर बना रहेगा। हालांकि दोपहर में कुछ जगहों पर हल्की गर्मी महसूस की जा सकती है। आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। बीते 24 घंटों में प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान गोरखपुर और मुजफ्फरनगर में 8.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।