Movie prime

प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा : पंचर बना रहे चार युवकों को अज्ञात वाहन ने रौंदा, सभी की मौत

 
,,,,
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

प्रयागराज-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। हादसा कोखराज थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर स्थित कंगन होटल के सामने हुआ, जहां सड़क किनारे खड़ी चारपाइयों से लदी एक पिकअप का पंचर बनाया जा रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पंचर बनाने का काम चल ही रहा था कि तेज रफ्तार से आए एक अज्ञात वाहन ने वहां मौजूद चार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने सभी को मेडिकल कॉलेज मंझनपुर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान चारों ने दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान साबिर और अकबर (पुत्र शरीफ, निवासी वार्ड नंबर-10, सराय सिराथू, थाना सैनी), अनवर (पुत्र स्वर्गीय मुमताज, निवासी मूरतगंज, थाना संदीपन घाट) तथा एहसान (पुत्र स्वर्गीय सपातुल्लाह, निवासी रसूलपुर, थाना कोखराज) के रूप में हुई है। एक साथ चार युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में मातम छा गया।

पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।