Movie prime

इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती पड़ी भारी, प्रयागराज की NEET छात्रा को इंदौर ले जाकर किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

 
....
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

प्रयागराज। प्रयागराज की 17 वर्षीय नाबालिग NEET छात्रा से कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने इंदौर निवासी एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। छात्रा की आरोपी से करीब चार महीने पहले इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। आरोप है कि युवक उसे बहला-फुसलाकर इंदौर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। कोर्ट में पीड़िता के बयान के बाद पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट की अतिरिक्त धाराएं जोड़ते हुए कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, करेली क्षेत्र की रहने वाली छात्रा सिविल लाइंस स्थित एक कोचिंग संस्थान में NEET की तैयारी कर रही थी। 16 जुलाई को वह रोज की तरह कोचिंग जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने 18 जुलाई को सिविल लाइंस थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।


मोबाइल कॉल डिटेल से मिला सुराग

जांच के दौरान पुलिस ने छात्रा की कॉल डिटेल खंगाली, जिसमें एक नंबर पर लगातार बातचीत होने की जानकारी मिली। जांच में यह नंबर इंदौर में रहने वाले शैल्विन फ्रांसिस का निकला, जो एक गैस एजेंसी में काम करता है और मूल रूप से जबलपुर का रहने वाला है।

पुलिस का दबाव बढ़ा तो छात्रा को प्रयागराज छोड़ गया

पुलिस ने आरोपी से संपर्क किया तो उसने पहले छात्रा के बारे में जानकारी होने से इनकार किया। लेकिन जब पुलिस उसकी लोकेशन ट्रैक कर लगातार दबाव बनाती रही, तो वह घबरा गया और 20 जुलाई को छात्रा को प्रयागराज छोड़कर चला गया।


इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती

पीड़िता ने पुलिस और मजिस्ट्रेट के सामने दिए बयान में बताया कि उसकी आरोपी से करीब चार महीने पहले इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। युवक ने खुद को कॉल सेंटर में कर्मचारी बताया था, जबकि वह गैस एजेंसी में नौकरी करता था। बातचीत के दौरान वह कई बार प्रयागराज आकर छात्रा से मिला था। छात्रा के मुताबिक, 16 जुलाई को वह सिविल लाइंस में आरोपी से मिलने पहुंची, जहां से वह उसे बहला-फुसलाकर इंदौर ले गया और वहां एक कमरे में उसके साथ दुष्कर्म किया।


कोर्ट में बयान के बाद बढ़ीं धाराएं

22 जुलाई को मजिस्ट्रेट के समक्ष पीड़िता का बयान दर्ज कराया गया। बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट की अतिरिक्त धाराएं जोड़ीं और आरोपी की तलाश तेज कर दी।


रेलवे अस्पताल के पास से हुई गिरफ्तारी

सिविल लाइंस थाना पुलिस को शनिवार को सूचना मिली कि आरोपी प्रयागराज आया हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने रेलवे अस्पताल के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में नैनी जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।