12 मई से फिर मौसम लेगा यू-टर्न, गर्मी से मिलेगी राहत, IMD ने किया तेज आंधी-बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी आंधी और बारिश का दौर फिलहाल थम गया है। रविवार सुबह से पूरे प्रदेश में मौसम साफ बना हुआ है और तेज धूप निकल रही है। हालांकि हल्की ठंडी हवाओं के कारण लोगों को अभी भीषण गर्मी का ज्यादा असर महसूस नहीं हो रहा है। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश में कहीं भी बारिश या आंधी का अलर्ट जारी नहीं किया है।
करीब एक सप्ताह बाद शनिवार को प्रदेश का तापमान फिर 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भी अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वर्तमान पश्चिमी विक्षोभ का असर अब पूरी तरह खत्म हो चुका है, जिसके चलते अगले दो दिनों तक मौसम साफ और गर्म रहेगा।
12 मई से फिर बदलेगा मौसम
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 12 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से प्रदेश में फिर बारिश, तेज आंधी, तूफान और ओलावृष्टि जैसे हालात बन सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल से चल रहे बारिश के सिलसिले पर फिलहाल ब्रेक लग गया है। अगले दो दिनों तक गर्मी बढ़ेगी, लेकिन लू चलने की संभावना फिलहाल कम है।
झांसी सबसे गर्म, सुल्तानपुर की रात सबसे ठंडी
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। झांसी सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
दिलचस्प बात यह है कि 8 मई को झांसी का तापमान 34.8 डिग्री था, यानी सिर्फ दो दिनों में लगभग 5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं सुल्तानपुर प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
बड़े शहरों का मौसम हाल
लखनऊ
राजधानी लखनऊ में सुबह से मौसम साफ है और तेज धूप निकल रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह में तापमान में 6 से 8 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। शहर का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचने की संभावना है।
कानपुर
कानपुर में भी आसमान साफ है और धूप खिली हुई है। हालांकि हल्की हवाएं चलने से थोड़ी राहत मिल रही है। सुबह के समय तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गाजियाबाद
गाजियाबाद में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन में अधिकतम तापमान 37 डिग्री के पार जा सकता है। पिछले दो दिनों में यहां तापमान में लगभग 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है।
बरेली
बरेली में भी तेज धूप का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हवा की रफ्तार 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है।
