Movie prime

वाराणसी से बुंदेलखंड तक पानी ही पानी...यूपी में मानसूनी बारिश का कहर, 75 जिलों में IMD का अलर्ट

 
Varanasi Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मंगलवार सुबह से वाराणसी, अयोध्या, झांसी, जौनपुर और गाजीपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है। काशी में सोमवार रात 8 बजे से रुक-रुककर हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हैं। BHU गेट के पास घुटनों तक पानी भर गया, जिससे बाइक और कारें पानी में आधी डूबी नजर आईं। भारी बारिश को देखते हुए वाराणसी समेत कई जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। जौनपुर और गाजीपुर में भी कक्षा 8 तक के स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

लखनऊ में सुबह से हल्की फुहारें पड़ रही हैं, जबकि मुरादाबाद, मेरठ, बरेली समेत 30 से ज्यादा शहरों में आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। प्रयागराज समेत 16 जिलों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

नदियां उफान पर, 19 जिले बाढ़ की चपेट में

लगातार हो रही बारिश का असर अब नदियों के जलस्तर पर भी दिखाई दे रहा है। प्रदेश के 19 जिले बाढ़ की चपेट में बताए जा रहे हैं। लखीमपुर खीरी में शारदा नदी पर बने तमोलिनपुरवा बांध का एक हिस्सा कट गया है, जिससे आसपास के दर्जनों गांवों पर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

ललितपुर में खेड़ार नदी का पानी पुल के ऊपर से करीब तीन फीट बह रहा है। सिरसी पुल भी पानी में डूब गया है। वहीं बदायूं में रामगंगा नदी का पानी सड़कों के ऊपर से बह रहा है। इससे कई इलाकों में आवागमन प्रभावित हुआ है।

मथुरा और नोएडा में भी जलभराव

इससे पहले सोमवार को प्रदेश के करीब 65 शहरों में बारिश दर्ज की गई। मथुरा में तेज बारिश के बाद अंडरपास में करीब दो फीट तक पानी भर गया, जिससे कई कारें आधी डूब गईं। नोएडा में भी कई सड़कें जलमग्न हो गईं। सेक्टर-62 मेट्रो स्टेशन की सीढ़ियों के पास पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश और बाढ़ से चार लोगों की मौत

पिछले 24 घंटों में बारिश और बाढ़ से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत की सूचना है। अयोध्या के बीकापुर में तेज आंधी और बारिश के दौरान झोपड़ी गिरने से छप्पर के नीचे बैठे एक बच्चे और युवती की दबकर मौत हो गई। गाजीपुर में बाढ़ के पानी में डूबने से एक युवक की जान चली गई। वहीं मुगलसराय में कच्ची दीवार गिरने से एक मासूम की मौत हो गई।

चक्रवाती सिस्टम और कम दबाव के क्षेत्र से बढ़ी बारिश

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में बने चक्रवाती सिस्टम और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण मानसूनी गतिविधियां तेज हुई हैं। अगले कुछ दिनों तक पूर्वी यूपी में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। पूर्वी यूपी के दक्षिणी हिस्सों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं पछुआ हवाओं के प्रभाव के चलते पश्चिमी उत्तर प्रदेश में फिलहाल तेज या भारी बारिश की संभावना कम है।

इन जिलों में अलर्ट

बहुत भारी बारिश: झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, चित्रकूट, प्रयागराज, प्रतापगढ़, जौनपुर, संत रविदास नगर, वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली और सोनभद्र।

भारी बारिश: जालौन, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, आजमगढ़ और गाजीपुर।

हल्की बारिश: लखनऊ, औरैया, बरेली, पीलीभीत, बदायूं, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, एटा, कासगंज, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बाराबंकी, अयोध्या, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर, आंबेडकर नगर, महराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, मऊ और बलिया।

फिलहाल मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश और जलभराव वाले इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचने तथा स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।