महिला सशक्तिकरण से आत्मनिर्भर भारत तक...डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने गिनाईं मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां
मुरादाबाद। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर रविवार को मुरादाबाद में आयोजित जनकल्याण शिविर में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के प्रति समर्पित रहे हैं, जिनमें देश ने विकास और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए उपमुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और समूह से जुड़ी महिलाओं के कार्यों की सराहना की। इस दौरान उन्होंने विकास खंड मुरादाबाद के सभागार के जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण भी किया। साथ ही गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार वितरित किया, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को आवास की चाबियां सौंपीं और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया।
अपने संबोधन में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मंत्र के साथ देश लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ रही है। प्रदेश में तीन करोड़ महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने और एक करोड़ महिलाओं को 'लखपति दीदी' बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 12 वर्षों में सड़क, रेल, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, शिक्षा और उद्योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, हर घर जल योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाया है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि जनधन योजना के जरिए करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है। किसानों के लिए किसान सम्मान निधि समेत कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे उनकी आय बढ़ाने और कृषि को आधुनिक बनाने में मदद मिल रही है।
देश की सुरक्षा का जिक्र करते हुए केशव मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत एक मजबूत और सुरक्षित राष्ट्र के रूप में उभरा है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों ने दुनिया के सामने भारत की ताकत और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय कराया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधान सेवक के रूप में अपना हर क्षण देश की सेवा के लिए समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और उत्तर प्रदेश भी विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा के कई जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
