Movie prime

सर्जरी करा लो, फिर शादी करेंगे’... प्रेमी के लिए किन्नर से बनी लड़की, बाद में निकला दो बच्चों का पिता

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

‘सर्जरी करा लो, फिर हम शादी करेंगे’... प्रेमी के इस भरोसे पर 20 साल की किन्नर ने अपनी जिंदगी बदलने का फैसला किया। जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी के लिए करीब 3 लाख रुपए खर्च किए, महीनों तक दर्द सहा और कई शारीरिक बदलावों से गुजरी। लेकिन जब शादी की बात आई तो प्रेमी ने दूरी बनानी शुरू कर दी। बाद में युवती को पता चला कि जिस शख्स से वह शादी का सपना देख रही थी, वह पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं।

मामला आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र का है। 20 वर्षीय युवती ने अपने प्रेमी त्रिवेंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य आरोपों को लेकर मुकदमा दर्ज कराया है। युवती का आरोप है कि प्रेमी ने शादी का भरोसा देकर उससे करीब 10 लाख रुपए भी लिए। पुलिस अब होटल में हुई मुलाकातों, तस्वीरों और पैसों के लेन-देन से जुड़े सबूतों की जांच कर रही है।

डेढ़ साल पहले हुई थी मुलाकात

युवती के मुताबिक, करीब डेढ़ साल पहले उसकी मुलाकात शास्त्रीपुरम के गायत्री मोड़ पर सिकंदरा क्षेत्र के लखनपुर गांव निवासी त्रिवेंद्र से हुई थी। त्रिवेंद्र आगरा में जूते की फैक्ट्री में काम करता था। उसकी मुलाकात एक साथी किन्नर ने कराई थी।

उस समय युवती लखनऊ में अपनी नानी के घर रहती थी और इवेंट में डांस करके अपना गुजारा करती थी। युवती का कहना है कि त्रिवेंद्र का उसकी नानी के घर भी आना-जाना था और वह उसके रिश्तेदारों को भी जानता था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और शादी की बात शुरू हुई।

युवती का दावा है कि त्रिवेंद्र ने उसके परिवार के सामने भी कई बार शादी करने का भरोसा दिया। प्रेम संबंध बढ़ने के बाद वह लखनऊ छोड़कर आगरा आ गई।

शादी का भरोसा देकर सर्जरी कराने को कहा

युवती के अनुसार, जब उसने त्रिवेंद्र से शादी को लेकर बात की तो उसने जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी कराने की सलाह दी। उसका कहना था कि सर्जरी के बाद दोनों शादी कर सकेंगे और परिवार व समाज के लिए भी यह स्वीकार करना आसान होगा।

त्रिवेंद्र की बात पर भरोसा करके युवती जनवरी में कानपुर गई। वहां उसने अस्पताल में जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी कराई। युवती का कहना है कि इस पूरी प्रक्रिया में करीब 3 लाख रुपए खर्च हुए, जिसका भुगतान उसने खुद किया

हार्मोन थेरेपी से लेकर तीन सर्जरी तक

युवती ने बताया कि सर्जरी से पहले उसकी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से काउंसिलिंग भी कराई गई। इसके बाद डॉक्टर की सलाह पर हार्मोन थेरेपी शुरू हुई। उसके मुताबिक, हार्मोन थेरेपी के दौरान शरीर में जलन, घबराहट, उल्टी और मूड में बदलाव जैसी परेशानियां हुईं। धीरे-धीरे शरीर में बदलाव आने लगे और ब्रेस्ट में भी विकास शुरू हुआ।

इसके बाद तीन अलग-अलग सर्जरी कराई गईं। पहली सर्जरी में ब्रेस्ट इम्प्लांट लगाए गए। दूसरी सर्जरी चेहरे की बनावट में बदलाव के लिए हुई, जिसमें जबड़े और नाक की संरचना में बदलाव किया गया।

तीसरी सर्जरी सबसे कठिन थी, जिसमें ऑर्किएक्टॉमी और वैजाइनोप्लास्टी कराई गई। युवती का कहना है कि इन सर्जरी के बाद उसे कई दिनों और हफ्तों तक दर्द, सूजन और रोजमर्रा के कामों में परेशानी का सामना करना पड़ा।

सर्जरी के बाद शादी की बात पर बदल गया प्रेमी

युवती के अनुसार, सर्जरी के बाद जब वह आगरा लौटी और त्रिवेंद्र से शादी की बात की तो उसका रवैया बदल गया। वह लगातार शादी की बात टालने लगा। इसके बाद युवती त्रिवेंद्र के घर पहुंची। वहां उसे कथित तौर पर पता चला कि त्रिवेंद्र पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं।

युवती का आरोप है कि त्रिवेंद्र ने करीब डेढ़ साल तक अपनी शादी और बच्चों की बात उससे छिपाए रखी। उसका यह भी कहना है कि त्रिवेंद्र के परिवार की ओर से उसे जान से मारने की धमकी दी गई, जिसके बाद वह अपनी सुरक्षा को लेकर डर गई।

शादी के नाम पर 10 लाख रुपए लेने का आरोप

युवती ने त्रिवेंद्र पर शादी का भरोसा देकर करीब 10 लाख रुपए लेने का भी आरोप लगाया है। उसके मुताबिक, उसने त्रिवेंद्र को बुलेट बाइक खरीदने के लिए करीब 4 लाख रुपए दिए थे।

इसके अलावा दीपावली पर करीब डेढ़ लाख और रक्षाबंधन पर भी डेढ़ लाख रुपए देने का दावा किया है। युवती का कहना है कि उसने कई बार नकद पैसे दिए, जबकि कुछ रकम UPI के जरिए ट्रांसफर कराई। उसके मुताबिक, उसका खुद का बैंक अकाउंट नहीं है, इसलिए कई बार दूसरे लोगों के खातों से भी त्रिवेंद्र को पैसे भेजे गए। युवती ने पैसों के लेन-देन से जुड़े स्क्रीनशॉट और अन्य सबूत पुलिस को सौंपे हैं।

होटल में ले जाने और रेप का भी आरोप

युवती ने त्रिवेंद्र पर बहला-फुसलाकर होटल ले जाने और रेप करने का भी आरोप लगाया है। उसका कहना है कि उसके पास त्रिवेंद्र के साथ होटल, रेस्टोरेंट और घूमने की तस्वीरें भी मौजूद हैं। पुलिस इन तस्वीरों और होटल से जुड़े विवरणों की जांच कर रही है।

‘पढ़ी-लिखी नहीं हूं, इसलिए मेरी सुनवाई नहीं हुई’

युवती का कहना है कि उसने करीब 8 महीने पहले पुलिस से शिकायत करना शुरू किया था। उसने चौकी, सिकंदरा थाना, एडीसीपी सिटी और पुलिस कमिश्नर स्तर तक शिकायत की। उसका दावा है कि कई बार त्रिवेंद्र को थाने बुलाया गया, लेकिन वह तबीयत खराब होने या बेहोशी का बहाना बनाकर वहां से चला जाता था।

युवती का कहना है कि वह ज्यादा पढ़ी-लिखी नहीं है, इसलिए उसे लंबे समय तक पुलिस के चक्कर लगाने पड़े। बाद में मामला मीडिया में आने के बाद FIR दर्ज की गई।

अब किन्नर समुदाय के साथ रह रही युवती

युवती के मुताबिक, इस पूरे घटनाक्रम के बाद उसके परिवार और रिश्तेदारों ने भी उससे दूरी बना ली। फिलहाल वह किन्नर समुदाय के साथ रह रही है और राजस्थान में बधाई मांगकर अपना गुजारा कर रही है। काम के सिलसिले में कभी-कभी आगरा भी आती है।

उसका कहना है कि प्रेमी पर भरोसा करके उसने अपनी जिंदगी बदल दी, लेकिन बदले में उसे प्यार, शादी और अपने पैसे—तीनों से हाथ धोना पड़ा। अब उसे उम्मीद है कि पुलिस जांच के बाद उसे न्याय मिलेगा।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

सिकंदरा थाना प्रभारी राजीव त्यागी के मुताबिक, युवती ने पुलिस को कई तस्वीरें और पैसों के लेन-देन से जुड़े साक्ष्य उपलब्ध कराए हैं। वह जिन होटलों में प्रेमी के साथ जाने की बात बता रही है, पुलिस उन स्थानों की भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर को मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।