Movie prime

पढ़ाई के दौरान प्रेग्नेंट हो जाती हैं...AKTU दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की छात्राओं को सलाह- पहले आत्मनिर्भर बनें, फिर करें शादी

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को लखनऊ स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) के 24वें दीक्षांत समारोह में छात्रों को संबोधित करते हुए शिक्षा, आत्मनिर्भरता और जिम्मेदार जीवन को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि छात्र-छात्राओं को पढ़ाई पूरी करने और आत्मनिर्भर बनने के बाद ही विवाह जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लेने चाहिए। उन्होंने कहा कि वह प्रेम विवाह के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन शादी का फैसला तभी करना चाहिए जब व्यक्ति अपने पैरों पर खड़ा हो जाए।

छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पढ़ाई के दौरान कुछ छात्राएं गर्भवती हो जाती हैं और कई मामलों में बच्चे का पालन-पोषण सरकार की जिम्मेदारी बन जाता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे ऐसे हालात से बचें और अपनी शिक्षा व भविष्य को प्राथमिकता दें।

राज्यपाल ने अपने परिवार का उदाहरण देते हुए बताया कि जब उनका बेटा पढ़ाई के लिए बेंगलुरु गया था, तब उन्होंने उससे कहा था कि यदि कोई लड़की पसंद हो तो बता देना, लेकिन पहले जीवन में स्थिरता और जिम्मेदारी जरूरी है।

विश्वविद्यालयों की व्यवस्थाओं पर भी जताई चिंता

दीक्षांत समारोह के दौरान राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों और छात्रावासों की व्यवस्थाओं पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कई छात्रावासों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। कहीं कमरों में पर्याप्त खिड़कियां नहीं हैं, कहीं पानी की टंकियां खुली हैं और स्वच्छता की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है।

उन्होंने मेस की गुणवत्ता, भवनों के रखरखाव और कक्षाओं की डिजाइन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी धन का उपयोग केवल खर्च दिखाने के लिए नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए होना चाहिए।

छात्रों को मिली डिग्रियां

दीक्षांत समारोह में 62,537 विद्यार्थियों को डिग्रियां और 53 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई। साथ ही सभी डिग्रियों को डिजिलॉकर पर भी उपलब्ध कराया गया।

अपने संबोधन के अंत में राज्यपाल ने युवाओं से अनुशासन, जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।