Movie prime

गाजियाबाद : 4 साल की भांजी से दुष्कर्म-हत्या करने वाला मामा एनकाउंटर में ढेर, 50 हजार का था इनामी

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
गाजियाबाद में 4 साल की मासूम से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी मामा को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। रविवार रात हुई इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

50 हजार का इनामी था आरोपी

आरोपी जसीम उर्फ छोटू पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उसने 11 अप्रैल को अपनी ही भांजी को घुमाने के बहाने घर ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की और फिर हत्या कर दी। इसके बाद शव को सड़क किनारे एक कार के नीचे फेंक दिया था।

सरेंडर के बजाय की फायरिंग

डीसीपी धवल जायसवाल के मुताबिक, रविवार रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी टीला मोड़ इलाके में देखा गया है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोकने की कोशिश की और सरेंडर करने को कहा।

लेकिन आरोपी अपने दो साथियों के साथ बाइक पर आया और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली जसीम के सीने में लगी और वह मौके पर गिर पड़ा। बाद में अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।

20 मिनट तक चली मुठभेड़

एडिशनल डीसीपी क्राइम पीयूष सिंह ने बताया कि बदमाशों ने करीब 15 राउंड फायरिंग की। इस दौरान हेड कॉन्स्टेबल अमित और इकबाल घायल हो गए, जबकि एक सिपाही की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी। आरोपी के दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

मासूम की हत्या से मचा था हड़कंप

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। बच्ची के पिता के मुताबिक, आरोपी मामा उसे घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया था। देर रात बच्ची का शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया था।

पुलिस जुटी जांच में

पुलिस ने मौके से तमंचे, कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। फरार आरोपियों की तलाश के लिए कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।