गाजियाबाद : भाइयों के झगड़े में गई माता-पिता की जान, समझाने पहुंचे मां-बाप को बेटों ने पीट-पीटकर मार डाला
गाजियाबाद : भाइयों के झगड़े में गई माता-पिता की जान, समझाने पहुंचे मां-बाप को बेटों ने पीट-पीटकर मार डाला
गाजियाबाद। जिले के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां दो सगे बेटों ने अपने ही माता-पिता की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। दोनों की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। झगड़ा बढ़ता देख पिता गंगाशरण और मां विमलेश उन्हें शांत कराने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान दोनों बेटे गुस्से में आ गए और अपने ही माता-पिता पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि पहले दोनों ने माता-पिता के साथ लात-घूंसों से मारपीट की, फिर डंडों से बेरहमी से पीटा। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घर से चीख-पुकार की आवाज सुनकर वहां रहने वाले एक किराएदार ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि गंगाशरण और विमलेश गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे। उनके सिर और हाथों पर गहरी चोटें थीं तथा शरीर से खून बह रहा था।
पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, घटना के बाद पुलिस ने दोनों आरोपित बेटों को हिरासत में ले लिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
