Movie prime

प्रेमी संग जाने के लिए प्रेमिका ने किया इनकार, नाराज होकर प्रेमी ने एक साल के बच्चे किया किडनैप, फिर...

 
....
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

कानपुर। प्रेमिका के साथ जाने से इनकार करने पर नाराज प्रेमी ने उसकी गोद से एक साल के मासूम बच्चे का अपहरण कर लिया। आरोपी बिहार से दिल्ली पहुंचा था और बच्चे को खिलौना दिलाने के बहाने लेकर विक्रमशिला एक्सप्रेस से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस की सतर्कता से कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी हेमंत कुमार शुक्रवार को बिहार से दिल्ली पहुंचा था। वह अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने गया और उसे साथ चलने को कहा, लेकिन महिला ने इनकार कर दिया। इससे नाराज होकर हेमंत ने महिला के एक साल के बेटे को खिलौना दिलाने के बहाने अपने साथ ले लिया और उसे अगवा कर ट्रेन से भाग निकला।

जब काफी देर तक बच्चा नहीं मिला तो महिला ने दिल्ली के कपसेरा वेस्ट थाने में हेमंत के खिलाफ अपहरण की एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। जांच में पता चला कि आरोपी बच्चे के साथ विक्रमशिला एक्सप्रेस में सवार है।

सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस ने कानपुर रेलवे स्टेशन को अलर्ट किया। शुक्रवार रात करीब 8:10 बजे जैसे ही ट्रेन कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंची, आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने ट्रेन को घेर लिया। हर कोच की तलाशी के दौरान पीछे के कोच में आरोपी बच्चे के साथ बैठा मिला। पुलिस को देखकर वह छिपने की कोशिश करने लगा, लेकिन फोटो के आधार पर उसकी पहचान कर उसे पकड़ लिया गया।

आरपीएफ पोस्ट पर पूछताछ में आरोपी पहले बहाने बनाता रहा, लेकिन जब उसे बताया गया कि उसके खिलाफ दिल्ली में अपहरण का मुकदमा दर्ज है, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसका मकसद था कि बच्चे के अपहरण के बाद महिला उसके पीछे-पीछे आ जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

महिला कॉन्स्टेबल की संवेदनशीलता बनी सहारा

पूछताछ और भीड़भाड़ के दौरान बच्चा रोने लगा। इस दौरान आरपीएफ की महिला कॉन्स्टेबल ने उसे सीने से लगाकर घंटों तक दुलार किया। उसके लिए दूध की बोतल मंगाई, डायपर बदला और गर्म माहौल में उसे सुलाया। महिला कॉन्स्टेबल की गोद में ही बच्चा शांत होकर सो गया।

मां को सौंपा गया मासूम, आरोपी जाएगा जेल

बच्चे की सकुशल बरामदगी की सूचना मिलने पर उसकी मां, परिजन और दिल्ली पुलिस शनिवार सुबह कानपुर पहुंचे। आरपीएफ ने बच्चे को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। वहीं, आरोपी हेमंत को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।