Movie prime

गोरखपुर : पुलिस के सामने युवती से मारपीट, वीडियो वायरल होते ही SSP का एक्शन, SHO लाइन हाजिर, तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

गोरखपुर में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में एक युवती के साथ लात-घूंसों से मारपीट किए जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. कौस्तुभ ने रविवार देर रात जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर सख्त कदम उठाए।

प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर शाहपुर थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह और कौवाबाग चौकी प्रभारी दुर्गेश नंदिनी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके अलावा वीडियो में दिखाई दे रहे पीआरवी के दो सिपाही राज मंगल सिंह और अविनाश यादव तथा दरोगा अभिषेक कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, ड्यूटी पर मौजूद होमगार्ड हरिचरन राय के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है।

प्रशासनिक फेरबदल के तहत एसएसपी ने अपने जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) रहे निरीक्षक जितेंद्र सिंह को शाहपुर थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया है।

उधर, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन विशेष टीमें गठित की हैं। मामले का मुख्य आरोपी राज निषाद, निवासी मोहनापुर, पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, छेड़छाड़, मारपीट, जान से मारने की धमकी सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने मामले में आठ अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।