‘न्यायाधीश यूपी सरकार’ का स्टीकर लगाकर दिखा रहा था रौब, ऐसे खुली पोल, हथियार संग पुलिस ने दबोचा
नई दिल्ली: राजधानी में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले एक चौंकाने वाले मामले का खुलासा हुआ है। एक शख्स कार पर ‘न्यायाधीश यूपी सरकार’ का स्टीकर लगाकर पुलिस और आम लोगों पर रौब झाड़ रहा था, लेकिन उसकी चालाकी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी।
संदिग्ध कार से खुली पोल
दिल्ली पुलिस की टीम ने संसद मार्ग इलाके में एक बिना नंबर प्लेट की एमजी हेक्टर कार को रोका। कार की खिड़कियों पर काली फिल्म लगी थी और उस पर ‘न्यायाधीश उत्तर प्रदेश सरकार’ का स्टीकर चिपका हुआ था, जिससे शक गहरा गया।
तलाशी में मिला हथियार
जब पुलिस ने कार की तलाशी ली तो निखिल यादव के पास से एक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं सूर्या अग्रवाल के पास से पांच कारतूस मिले। कार में मौजूद तीसरे व्यक्ति दिव्यांशु यादव से भी पूछताछ की जा रही है।
फर्जी पहचान से बना ‘जज’
जांच में सामने आया कि सूर्या अग्रवाल खुद को उत्तर प्रदेश का सिविल जज बता रहा था। उसने पुलिस को एक फर्जी आईडी कार्ड और हथियार ले जाने की नकली अनुमति भी दिखाई। हालांकि उसके पास मौजूद शस्त्र लाइसेंस दिल्ली में मान्य नहीं था।
पुलिस ने किया केस दर्ज
पुलिस ने आरोपियों से पिस्टल, कुल नौ जिंदा कारतूस, फर्जी दस्तावेज और कार जब्त कर ली है। संसद मार्ग थाने में बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
दिल्ली पुलिस की मुस्तैदी से एक संभावित बड़ा खतरा टल गया। फर्जी पहचान के सहारे हथियार लेकर घूम रहे आरोपियों की गिरफ्तारी सुरक्षा के लिहाज से बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।
