Movie prime

यूपी में तीन दिन और सताएगी भीषण गर्मी, आज 38 जिलों में हीटवेव का अलर्ट, जानिए कब आएगा मानसून

 
UP Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश में मानसून की देरी का असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सोमवार सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के 38 जिलों में हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी किया है, जबकि मऊ, चंदौली, बलिया, गाजीपुर और सोनभद्र में बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, सामान्य तौर पर 20 जून तक मानसून उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर जाता है, लेकिन इस बार इसकी रफ्तार धीमी पड़ गई है। मानसून पिछले 10 से 12 दिनों से यूपी-बिहार सीमा पर महराजगंज के आसपास ठहरा हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 23 जून के बाद मानसून आगे बढ़ सकता है और 25 जून तक प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है।

प्रयागराज और वाराणसी सबसे गर्म

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर बना रहा। प्रयागराज 42.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि वाराणसी में 42.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बहराइच में 42 डिग्री और झांसी में 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

वहीं, कुछ जिलों में हल्की बारिश भी हुई। आगरा के खैरागढ़ में 18 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि मथुरा के गोवर्धन में 5 मिमी और मऊ में 4 मिमी वर्षा हुई। सोनभद्र और सुल्तानपुर में भी बारिश रिकॉर्ड की गई।

अगले तीन दिन और सताएगी गर्मी

लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अगले तीन दिनों तक प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का असर बना रहेगा। तापमान में और वृद्धि हो सकती है तथा कई जिलों में लू की स्थिति गंभीर रूप ले सकती है। उन्होंने बताया कि फिलहाल मानसून की एंट्री के लिए अनुकूल परिस्थितियां नहीं बन पाई हैं और लोगों को अभी कम से कम तीन से चार दिन और इंतजार करना पड़ सकता है।

अगले पांच दिनों का मौसम पूर्वानुमान

23 जून: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा। तेज धूप और गर्म हवाएं चलेंगी।

24 जून: अधिकांश जिलों में बादलों की आवाजाही रहेगी। पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।

25 जून: पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं के आसार हैं। इसी दिन मानसून की एंट्री भी हो सकती है।

26 जून: प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।

27 जून: पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और पारा 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।