यूपी में भीषण गर्मी का कहर : 60 जिलों में लू का रेड अलर्ट, कल से बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश में पिछले 10 दिनों से भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। पिछले 24 घंटों में प्रयागराज देश का सबसे गर्म जिला रिकॉर्ड किया गया, जहां अधिकतम तापमान 45.2°C दर्ज हुआ।
इसके अलावा वाराणसी, हमीरपुर और आगरा में भी पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया।
60 जिलों में लू का रेड अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश के 60 जिलों में हीटवेव यानी लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, दिन में तापमान 45 से 46 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं 21 जिलों में ‘वार्म नाइट’ का अलर्ट जारी किया गया है, यानी रात में भी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
रविवार से बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि 26 अप्रैल से प्रदेश के मौसम में बदलाव शुरू होगा। 26 से 30 अप्रैल के बीच कई जिलों में आंधी-तूफान और हल्की बारिश की संभावना है।
इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
कानपुर में टूटा 18 साल पुराना रिकॉर्ड
कानपुर में गर्मी ने 18 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। शुक्रवार को यहां अधिकतम तापमान 41.7°C दर्ज किया गया। इससे पहले साल 2008 में अप्रैल महीने में तापमान 41.6°C तक पहुंचा था।
जानवर भी गर्मी से परेशान
भीषण गर्मी का असर इंसानों के साथ-साथ जानवरों पर भी दिखाई दे रहा है। गोरखपुर चिड़ियाघर में हाथी अपनी सूंड से खुद पर पानी डालता नजर आया।
वहीं लखनऊ जू में जानवरों के लिए बर्फ की सिल्लियां, कूलर और स्प्रिंकलर लगाए गए हैं। कानपुर में बाघों को ORS का घोल दिया जा रहा है।
मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह के अनुसार, पश्चिमी यूपी और तराई क्षेत्रों में जल्द बूंदाबांदी और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है, जिससे मौसम में कुछ बदलाव आएगा।
