यूपी में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 69 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; गंगा-सरयू उफान पर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। सोमवार सुबह से राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग (IMD) ने पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी करते हुए 69 जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई है। लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, अयोध्या, बरेली सहित कई शहरों में रविवार रात से शुरू हुई बारिश सोमवार सुबह तक जारी रही।
लगातार हो रही बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में तेज वर्षा के कारण प्रदेश की प्रमुख नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। वाराणसी और प्रयागराज में गंगा का जलस्तर बढ़ने से कई घाटों की सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं। वाराणसी में दशाश्वमेध घाट से पंचगंगा घाट तक रत्नेश्वर महादेव मंदिर समेत करीब 40 छोटे मंदिरों में गंगा का पानी प्रवेश कर गया है।
वहीं बलिया में सरयू नदी और लखीमपुर खीरी में शारदा नदी के किनारे कटान शुरू हो गया है। प्रशासन के अनुसार करीब 100 गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। बलिया में दो मकान नदी में समा जाने की भी सूचना है।
बारिश से जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। संतकबीरनगर में लगभग 300 वर्ष पुराना बाबा बैजूनाथ मंदिर ढह गया। वहीं पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश और आकाशीय बिजली से जुड़े हादसों में प्रदेश में सात लोगों की मौत हो गई। मुजफ्फरनगर में कच्चा मकान गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई, जबकि बलिया और चंदौली में खेत में धान की रोपाई कर रहे दो किसानों की बिजली गिरने से मौत हो गई।
अगले 5-6 दिन तक जारी रह सकती है बारिश
रविवार को भी प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में बारिश दर्ज की गई थी। सबसे अधिक 54 मिमी बारिश हमीरपुर में रिकॉर्ड की गई, जबकि श्रावस्ती में 40.5 मिमी और सुल्तानपुर में 37.3 मिमी वर्षा हुई।
लखनऊ स्थित मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) और उससे जुड़े बादलों के सिस्टम के झारखंड की ओर बढ़ने के कारण मानसूनी हवाएं दोबारा उत्तर प्रदेश की ओर सक्रिय हो गई हैं। इसके प्रभाव से 24 जुलाई तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जबकि दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से नदी किनारे और निचले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने तथा प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
