बलरामपुर में खौफनाक वारदात, पहले पत्नी और 2 मासूमों को मारी गोली, फिर खुद को उड़ाया
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले से शनिवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली देहात क्षेत्र के झौहना गांव के गोसाई पुरवा में एक ही परिवार के चार सदस्य घर के अंदर मृत पाए गए। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि पहले पत्नी और दोनों बच्चों को गोली मारी गई, इसके बाद युवक ने खुद को भी गोली मार ली। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
मृतकों की पहचान 28 वर्षीय बजरंग गिरी, उनकी 25 वर्षीय पत्नी कोमल, 3 वर्षीय बेटे और 10 माह के मासूम बच्चे के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए और कई घंटों तक गहन जांच की। मृतक के भाई राम कुमार गिरी ने बताया कि घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे, जहां चारों के शव पड़े मिले। उन्होंने बताया कि सभी को देशी कट्टे से गोली मारी गई है। घटना कैसे हुई, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि घटनास्थल से एक देशी कट्टा और कई खोखे बरामद किए गए हैं। मृतक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।
पुलिस मृतक के मोबाइल फोन, पारिवारिक परिस्थितियों, आर्थिक स्थिति और अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं, जबकि चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गोसाई पुरवा गांव में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी।
