हांसी में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और निजी बस की आमने-सामने टक्कर; 30 यात्री घायल
हांसी में रविवार सुबह शहर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजकीय महाविद्यालय के पास सालासर मंदिर के सामने मोड़ पर एक निजी बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार करीब 30 यात्रियों के घायल होने की सूचना है। घायलों में महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल बताए जा रहे हैं।
बरवाला से हांसी आ रही थी बस
जानकारी के मुताबिक, हादसा रविवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। बरवाला से हांसी की ओर आ रही निजी बस जैसे ही राजकीय महाविद्यालय के पास सालासर मंदिर मोड़ पर पहुंची, उसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए।
घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया
स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे और घायल यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए हांसी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल ट्रक और बस की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस घायलों की संख्या और उनकी स्थिति की जानकारी जुटा रही है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
