Movie prime

उन्नाव में दर्दनाक सड़क हादसा: मुंडन समारोह में जा रहे परिवार की बोलेरो दो ट्रकों के बीच जोरदार टक्कर, 6 की मौत

 
.....
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उन्नाव में बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 5 महिलाओं और बोलेरो चालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि एक महिला का सिर धड़ से अलग हो गया, जबकि दो अन्य महिलाओं के शव कई टुकड़ों में बंट गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सड़क किनारे करीब 6 फीट नीचे शव और खून से सने बॉडी पार्ट्स बिखरे पड़े थे। 2 बच्चों समेत 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मुंडन समारोह में जा रहा था परिवार

जानकारी के मुताबिक मौरावां निवासी सूरज सिंह अपने ढाई वर्षीय बेटे शुभ सिंह का मुंडन कराने परिवार के साथ चंडीदेवी मंदिर जा रहे थे। बोलेरो में कुल 11 लोग सवार थे। सुबह करीब 10:30 बजे कीरतपुर गांव के पास हादसा हो गया।

ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो चालक ओवरटेक करने की कोशिश में आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया। टक्कर के बाद बोलेरो की रफ्तार धीमी हुई, तभी पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने भी जोरदार टक्कर मार दी। दोनों ट्रकों के बीच फंसकर बोलेरो बुरी तरह पिस गई और सड़क किनारे गहराई में जा गिरी। पीछे वाला ट्रक भी नियंत्रण खोकर नीचे पलट गया।

मौके पर बिखर गए शव

हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। अंदर बैठे कई लोग बुरी तरह फंस गए। तीन महिलाओं के शव वाहन में फंसकर कई हिस्सों में कट गए। एक महिला का सिर धड़ से अलग होकर दूर जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

सीएम योगी ने जताया दुख

योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद दोनों ट्रकों के चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश की जा रही है।