Movie prime

बिना बिजली कैसे लाऊं दुल्हन? बत्ती गुल तो बारात संग DM ऑफिस पहुंचा दूल्हा, स्मार्ट मीटर के खिलाफ किया प्रदर्शन

 
,,,
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

UP News : बांदा में स्मार्ट मीटर की समस्या को लेकर एक अनोखा विरोध देखने को मिला। शादी के दिन जहां दूल्हे को बारात लेकर दुल्हन के घर जाना था, वहीं वह बारातियों और बैंड-बाजे के साथ सीधे जिला अधिकारी कार्यालय पहुंच गया। वहां उसने जमकर नारेबाजी की और बिजली बहाल करने की मांग उठाई।

मेहमान आते ही कट गई बिजली, बढ़ा गुस्सा

मामला मटौंध थाना क्षेत्र के उजरेहटा गांव का है। दूल्हे के घर शादी की तैयारियां चल रही थीं और मेहमान भी पहुंच चुके थे। इसी बीच अचानक स्मार्ट मीटर के कारण बिजली कट गई, जिससे पूरे घर में अंधेरा छा गया। इस स्थिति से नाराज दूल्हा बारातियों को लेकर डीएम ऑफिस पहुंच गया।

‘बिना बिजली कैसे लाऊं दुल्हन?- दूल्हे का सवाल

दूल्हे ने प्रशासन से कहा कि बिना बिजली के वह दुल्हन को घर कैसे लाएगा, खासकर इस भीषण गर्मी में। उसने मांग की कि पुराना मीटर दोबारा लगाया जाए और प्रीपेड स्मार्ट मीटर हटाया जाए। दूल्हे का आरोप था कि स्मार्ट मीटर के चलते बिल ज्यादा आ रहे हैं और विभाग के अधिकारी समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे।

स्मार्ट मीटर के खिलाफ बढ़ता विरोध

इस प्रदर्शन में बुंदेलखंड इंसाफ सेना के लोग भी शामिल हुए। संगठन के पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार से मांग की कि पुराने मीटर दोबारा लगाए जाएं। उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं और आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ा रहे हैं।

प्रदेश में लगातार उठ रहे सवाल

प्रदेश में स्मार्ट मीटर को लेकर लगातार विरोध देखने को मिल रहा है। उपभोक्ता ज्यादा बिल और बिजली कटौती की शिकायत कर रहे हैं। ऐसे में बांदा की यह घटना अब चर्चा का विषय बन गई है, जहां एक दूल्हे ने अपनी शादी से पहले ही सिस्टम के खिलाफ आवाज बुलंद कर दी।