कुछ गलत कर दूंगा…बेटियों की हत्या से पहले पिता ने दोस्त को किया था कॉल, कानपुर हत्याकांड में बड़ा खुलासा
कानपुर के किदवई नगर में 11 साल की जुड़वां बेटियों की हत्या करने वाले आरोपी पिता शशि रंजन मिश्रा को लेकर नए खुलासे सामने आए हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि वारदात से कुछ दिन पहले आरोपी ने अपने बचपन के दोस्त को फोन कर कहा था, “मैं बहुत परेशान हूं, कुछ गलत कर दूंगा।”
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बिहार के गया निवासी अपने दोस्त से करीब 15 मिनट तक बातचीत की थी। जब दोस्त ने परेशानी की वजह पूछी और पैसों की दिक्कत होने की बात कही, तो शशि रंजन ने साफ इनकार कर दिया। उसने कहा कि मानसिक रूप से बेहद परेशान है और उससे कुछ गलत हो सकता है।
दोस्त ने कहा था- जल्द कानपुर आऊंगा
दोस्त ने पुलिस को बताया कि वह और शशि रंजन बचपन के करीबी मित्र रहे हैं। कई बार वह उसके घर पर लंबे समय तक रह चुका था। उसने बताया कि हत्या से करीब छह दिन पहले शशि रंजन ने फोन कर अपनी मानसिक परेशानी का जिक्र किया था।
दोस्त ने उसे हिम्मत रखने की सलाह दी थी और जल्द कानपुर आकर मिलने का भरोसा भी दिया था। हालांकि वारदात के बाद उसने कानपुर आने से इनकार कर दिया।
उसने पुलिस से कहा, “दोस्ती शशि रंजन से थी, लेकिन उसने इतना गंदा काम कर दिया है कि अब उसके पास आने का कोई मतलब नहीं है।”
11 साल की जुड़वां बेटियों की हत्या
दरअसल, रविवार तड़के किदवई नगर इलाके में 45 वर्षीय शशि रंजन मिश्रा ने अपनी 11 साल की जुड़वां बेटियों की गला रेतकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हत्या से पहले आरोपी ने अपने भाई को फोन किया था, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। बाद में भाई ने रात करीब 1 बजे वापस कॉल किया, लेकिन तब आरोपी ने फोन नहीं उठाया।
पत्नी से विवाद की बात भी आई सामने
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी का पत्नी से विवाद चल रहा था। हालांकि सोशल मीडिया पर सामने आई “चंडीगढ़ की लड़की से संबंध” वाली बात को पुलिस ने खारिज कर दिया है।
नौबस्ता इंस्पेक्टर बहादुर सिंह के अनुसार आरोपी की सोशल मीडिया चैट्स की जांच में किसी महिला से संदिग्ध बातचीत के प्रमाण नहीं मिले हैं।
परिवार से कई घंटे पूछताछ
बुधवार शाम पुलिस टीम त्रिमूर्ति अपार्टमेंट पहुंची और आरोपी की पत्नी रेशमा तथा अन्य परिजनों से करीब चार घंटे तक पूछताछ की। हालांकि अभी तक हत्या के पीछे की ठोस वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
