Movie prime

'मैं मरने जा रहा हूं...' ताऊ को मैसेज भेजकर प्रेमिका संग नदी में कूदा प्रेमी, दोनों की तलाश जारी

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक प्रेमी-प्रेमिका के रामगंगा नदी में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दोनों शनिवार दोपहर बुलेट बाइक से रामगंगा पुल पहुंचे, कुछ देर तक आपस में बातचीत की और फिर एक-दूसरे का हाथ पकड़कर नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद से पुलिस, फ्लड यूनिट और स्थानीय गोताखोर दोनों की तलाश में जुटे हैं, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है।

पुलिस के अनुसार युवक की पहचान कटघर थाना क्षेत्र के सूरजनगर, पीतल बस्ती निवासी 20 वर्षीय तुषार के रूप में हुई है। नदी में कूदने से पहले उसने अपने ताऊ के मोबाइल पर एक भावुक संदेश भेजा था, जिसमें लिखा था, "ताऊ, मैं मरने जा रहा हूं। बाइक रामगंगा पुल पर खड़ी है, दूसरी चाबी लेकर आ जाना।" संदेश मिलने के बाद परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक नदी में छलांग लगा चुका था।

परिजनों ने बताया कि तुषार शहर के बुध बाजार स्थित एक कपड़े की दुकान में सेल्समैन का काम करता था। शनिवार सुबह वह रोज की तरह काम पर गया था। दोपहर में उसने दुकान मालिक से घर जाने की बात कहकर छुट्टी ली, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। बाद में उसका संदेश मिलने पर परिवार को पूरी घटना की जानकारी हुई। पुल पर उसकी बुलेट बाइक खड़ी मिली, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तुषार का मोहल्ले की एक नाबालिग लड़की से प्रेम संबंध था। युवती भी घर से लापता बताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक बंदिशों से परेशान होकर दोनों ने यह कदम उठाया, हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

गोताखोरों का कहना है कि नदी में जलस्तर अधिक होने और तेज बहाव के कारण तलाश अभियान में कठिनाई आ रही है। कई गोताखोर पानी में उतरकर खोजबीन कर चुके हैं, लेकिन अभी तक दोनों का कोई पता नहीं चल सका है।

एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस, पीआरवी, फ्लड यूनिट और स्थानीय गोताखोरों की टीमों को मौके पर लगाया गया है। पुल पर युवक की बाइक के पास और किनारे पर खून के निशान भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। फिलहाल प्राथमिकता दोनों की तलाश और सुरक्षित रेस्क्यू पर है। मामले की जांच जारी है।