Movie prime

पश्चिमी विक्षोभ का असर: यूपी में 60 किमी/घंटा रफ्तार से चलेंगी हवाएं, कई जिलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट

 
UP Weather Update
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। लखनऊ में सोमवार सुबह से तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश हो रही है। हालात ऐसे हो गए कि दिन में ही रात जैसा अंधेरा छा गया। आसमान में लगातार बादल गरज रहे हैं और बिजली कड़कने से लोग दहशत में हैं।

तूफान से जनजीवन अस्त-व्यस्त

तेज तूफान के चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। सैकड़ों पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए, जिससे सड़कों पर आवागमन प्रभावित हुआ। बाइक और कार चलाना मुश्किल हो गया है।

लखनऊ के अलावा बाराबंकी, सीतापुर, सुल्तानपुर और उन्नाव में भी तेज बारिश दर्ज की गई है, जबकि कानपुर समेत कई जिलों में घने बादल छाए हैं।

CM ने जारी की अपील

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचें, बच्चों को घर के अंदर रखें और किसान अपनी फसलों व पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करें। साथ ही जिलाधिकारियों और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं।

क्यों बदला मौसम?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश में मौसम बदला है। आने वाले कुछ दिनों तक आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं जारी रह सकती हैं। 4 से 7 मई के बीच 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

24 घंटे में कई जिलों में असर

पिछले 24 घंटों में अयोध्या समेत 15 जिलों में बारिश हुई। फर्रुखाबाद में आंधी से बिजली के पोल उखड़ गए, जिससे सड़कें जाम हो गईं। वहीं सुल्तानपुर में पेड़ की डाल गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।

बाराबंकी में सबसे ज्यादा 50 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि सुल्तानपुर और गोंडा में भी अच्छी बारिश दर्ज हुई।

अगले 5 दिन का मौसम अपडेट

  • 5 मई: प्रदेशभर में आंधी-बारिश, ओले और बिजली गिरने का खतरा
  • 6 मई: बादल छाए रहेंगे, हल्की बारिश संभव
  • 7 मई: पश्चिमी यूपी साफ, पूर्वी यूपी में आंधी-बौछारें
  • 8 मई: गरज-चमक के साथ बारिश, लू से राहत
  • 9 मई: मौसम सामान्य, कुछ जगहों पर हल्की बारिश

फिलहाल मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।