Movie prime

झांसी में कारोबारी को बदमाशों ने पीछे से मारी गोली, जख्मी हालत में भी नहीं हारी हिममत, खुद स्कूटी चलाकर पहुंचा अस्पताल

 
.....
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश के झांसी में बुधवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक कारोबारी को गोली मार दी। कारोबारी दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। बूढ़ा पुल के पास तीन बदमाशों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन जब उन्होंने स्कूटी नहीं रोकी तो बदमाशों ने पीछे से फायरिंग कर दी। गोली उनकी कमर में लगी।

गोली लगने के बावजूद 53 वर्षीय कारोबारी ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने स्कूटी की रफ्तार बढ़ाई और खुद वाहन चलाकर अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल के गेट पर पहुंचकर उन्होंने अपने कर्मचारी को फोन किया। इसके बाद वह वहीं बेहोश होकर गिर पड़े। सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे और उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

तीन बाइक सवार बदमाशों ने बनाया निशाना

घटना बुधवार शाम करीब 6:45 बजे सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के बूढ़ा पुल के पास हुई। घायल कारोबारी की पहचान प्रशांत गुप्ता (53) के रूप में हुई है। वह यूपी व्यापार मंडल के झांसी जिलाध्यक्ष उमेश गुप्ता के भतीजे हैं।

प्रशांत गुप्ता मंडी रोड स्थित कैलाश रेजीडेंसी में रहते हैं और गल्ला मंडी में आढ़त का कारोबार करते हैं। उनके चाचा उमेश गुप्ता के मुताबिक, बुधवार शाम वह दुकान बंद करके स्कूटी से घर लौट रहे थे। दुकान से करीब तीन किलोमीटर दूर बूढ़ा पुल के पास तीन बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोकने की कोशिश की।

प्रशांत के नहीं रुकने पर बदमाशों ने पीछे से तमंचे से गोली चला दी। गोली उनकी कमर में लगी और वह घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने स्कूटी नहीं रोकी और सीधे सरोज अस्पताल पहुंच गए।

अस्पताल पहुंचते ही हो गए बेहोश

अस्पताल पहुंचने के बाद प्रशांत ने अपने दुकान के कर्मचारी को फोन कर घटना की जानकारी दी। कर्मचारी सबसे पहले अस्पताल पहुंचा। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें पीतांबरा हॉस्पिटल ले गए, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।

बताया गया कि गोली पीठ की तरफ रीढ़ की हड्डी के पास लगी थी। सिटी स्कैन के बाद देर रात डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर गोली निकाल दी।

बैग में कैश समझकर हमला करने का शक

प्रशांत के चाचा उमेश गुप्ता ने बताया कि वारदात के वक्त प्रशांत के पास एक बैग था, जिसमें लैपटॉप रखा हुआ था। उन्हें आशंका है कि बदमाशों ने बैग में कैश होने की बात समझकर हमला किया होगा। परिवार की किसी से दुश्मनी होने से भी उन्होंने इनकार किया है। फिलहाल पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है। घटना का खुलासा करने के लिए दो टीमें लगाई गई हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

जल्द होगा वारदात का खुलासा: पुलिस

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि गोली लगने के बाद कारोबारी खुद अस्पताल पहुंचे थे। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने की बात कही है।