स्वतंत्रता दिवस : CM योगी ने विधानभवन में किया ध्वजारोहण, गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, युवाओं के लिए किया ये बड़ा ऐलान
80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को उत्तर प्रदेश देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। लखनऊ के विधानभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पहली बार समारोह में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन हुआ, जिसके बाद राष्ट्रगान हुआ। हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पर पुष्पवर्षा भी की गई।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भगवा पगड़ी में नजर आए, जबकि डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक धोती-कुर्ता पहने दिखाई दिए। समारोह में बुंदेलखंड, ब्रज और पूर्वांचल की लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां हुईं। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम और अरुणाचल प्रदेश से आए कलाकारों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। मुख्यमंत्री ने शहीदों और राष्ट्रपति पदक से सम्मानित जवानों के परिजनों को सम्मानित किया।
‘उपद्रव प्रदेश से उत्सव प्रदेश बना यूपी’
प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कानून व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार के साथ उत्तर प्रदेश अब ‘उपद्रव प्रदेश’ से ‘उत्सव प्रदेश’ बन गया है। उन्होंने कहा कि यूपी सुशासन के मॉडल की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब इसे बीमारू प्रदेश के तौर पर नहीं देखा जाता। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ नहीं, बल्कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन’ की पहचान बन रही है।
जल्द आएगी यूपी की नई यूथ पॉलिसी
मुख्यमंत्री योगी ने युवाओं को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार जल्द ही नई यूथ पॉलिसी लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर युवा के हाथ में स्किल, इनोवेशन और रोजगार उपलब्ध कराना है। नई नीति के जरिए युवाओं की क्षमताओं और संभावनाओं को बेहतर अवसर देने के लिए एकीकृत व्यवस्था तैयार की जाएगी।
Gen-Z और Gen-Alpha के लिए नए अवसर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा ही उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है। सरकार नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और युवाओं की क्षमता को विकास की ताकत में बदलने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि Gen-Z और Gen-Alpha के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, सेमीकंडक्टर, स्टार्टअप, रोबोटिक्स, डेटा सेंटर, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग, साइबर सिक्योरिटी, इलेक्ट्रिक व्हीकल, फिनटेक और डीपटेक जैसे क्षेत्रों में नए अवसर विकसित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त ऋण दिया जा रहा है। खेलों को बढ़ावा देने के लिए हर मंडल मुख्यालय पर स्पोर्ट्स कॉलेज, हर जिले में स्टेडियम, हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम और गांवों में खेल मैदान व ओपन जिम विकसित किए जा रहे हैं।
तिरंगे के रंग में रंगा पूरा प्रदेश
स्वतंत्रता दिवस पर पूरे उत्तर प्रदेश में उत्सव का माहौल रहा। घरों, दुकानों और सरकारी भवनों पर तिरंगा लहराता नजर आया। शहरों के चौराहों और सरकारी कार्यालयों को भी तिरंगे से सजाया गया। जगह-जगह ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। आगरा में बच्चों ने तिरंगा यात्रा निकाली, जबकि काशी में बाबा विश्वनाथ का तिरंगा श्रृंगार किया गया। देशभक्ति के गीतों से प्रदेश का माहौल पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।
