इजराइल-ईरान तनाव के बीच लखनऊ से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें फिर शुरू, 6 दिन बाद 1303 यात्री खाड़ी देशों के लिए हुए रवाना
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच छह दिन बाद लखनऊ से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन फिर से शुरू हो गया है। शुक्रवार को कुल 1303 यात्रियों ने लखनऊ एयरपोर्ट से यात्रा की। इनमें खाड़ी देशों से आने वाले यात्रियों की संख्या 838 रही, जबकि 465 यात्री लखनऊ से उन देशों के लिए रवाना हुए।
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से शुक्रवार को दिनभर में कुल 9 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन हुआ। इनमें खाड़ी देशों से आने वाली और वहां जाने वाली दोनों तरह की फ्लाइट शामिल रहीं। सुबह तड़के से ही एयरपोर्ट पर उड़ानों की आवाजाही शुरू हो गई थी।
दम्माम से जेद्दा तक की फ्लाइट लखनऊ पहुंचीं
सबसे पहले दम्माम से आने वाली फ्लाइट XY896 सुबह 05:15 बजे लखनऊ पहुंची, जिसमें 154 यात्री सवार थे। इसके बाद शारजाह से आने वाली फ्लाइट 6E1424 सुबह 07:05 बजे उतरी, जिसमें 163 यात्री पहुंचे।
सुबह 08:00 बजे मस्कट से फ्लाइट WY265 लखनऊ एयरपोर्ट पहुंची, जिसमें 74 यात्री सवार थे। इसके बाद रियाद से आने वाली फ्लाइट XY333 सुबह 09:00 बजे उतरी, जिसमें 160 यात्री आए।
वहीं जेद्दा से आने वाली फ्लाइट SV890 सुबह 10:30 बजे लखनऊ पहुंची, जिसमें सबसे अधिक 287 यात्री सवार थे।
लखनऊ से खाड़ी देशों के लिए भी उड़ानें रवाना
आगमन के साथ-साथ लखनऊ से खाड़ी देशों के लिए भी उड़ानों का संचालन जारी रहा। दम्माम जाने वाली फ्लाइट XY897 सुबह 06:15 बजे लखनऊ से रवाना हुई, जिसमें 84 यात्री सवार थे।
इसके बाद मस्कट के लिए फ्लाइट WY266 सुबह 08:50 बजे रवाना हुई, जिसमें 78 यात्री थे। वहीं रियाद के लिए फ्लाइट XY334 सुबह 10:00 बजे उड़ी, जिसमें 130 यात्री सवार थे।
जेद्दा जाने वाली फ्लाइट SV891 दोपहर 12:05 बजे लखनऊ से रवाना हुई, जिसमें 173 यात्री यात्रा कर रहे थे।
तनाव के कारण कई उड़ानें हुई थीं प्रभावित
मध्य-पूर्व में इज़राइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के कारण कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई थीं। एयरस्पेस पर असर पड़ने के चलते कुछ फ्लाइट्स को रद्द करना पड़ा, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
हालांकि, एयरपोर्ट पर व्यवस्थाएं सामान्य रहीं, लेकिन यात्रियों के बीच थोड़ी चिंता जरूर देखने को मिली।
यात्रियों ने जताई राहत
लखनऊ पहुंचे एक यात्री ने बताया कि खाड़ी देशों में लोगों के बीच थोड़ा डर और चिंता का माहौल जरूर है, लेकिन हालात पूरी तरह से बिगड़े नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कई उड़ानें रद्द होने के कारण लोगों को घर लौटने में दिक्कत हो रही थी।
यात्री ने बताया, “पिछले दो दिनों से हम घर लौटने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही फ्लाइट मिली, हम तुरंत रवाना हो गए। लखनऊ पहुंचकर बहुत अच्छा लग रहा है कि आखिरकार हम सुरक्षित घर लौट आए।”
सरकार का जताया आभार
लखनऊ पहुंचे कई यात्रियों ने सुरक्षित वापसी के लिए सरकार का आभार भी जताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद करते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में हालात सामान्य हो जाएंगे और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन पूरी तरह से पटरी पर लौट आएगा।
