Movie prime

रोजगार मेला : 10वीं पास से डिप्लोमा धारकों तक के लिए नौकरी का मौका, ₹23,321 तक मिलेगा मासिक स्टाइपेंड

 
Job
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ: नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अलीगंज में 16 अक्टूबर 2026 को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस कैंपस प्लेसमेंट में हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड और बैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से कुल 800 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा और बीएससी पास युवा अपनी योग्यता के अनुसार शामिल हो सकते हैं। मेले की शुरुआत सुबह 10 बजे से होगी।

हीरो मोटोकॉर्प में 300 पदों पर चयन


हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड की ओर से अप्रेंटिसशिप और प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (PMIS) के तहत कुल 300 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें 150 पुरुष और 150 महिला अभ्यर्थियों के लिए अवसर है। चयनित अभ्यर्थियों को हरियाणा के रेवाड़ी स्थित प्लांट में काम करने का मौका मिलेगा।

आईटीआई अप्रेंटिस के 150 पद:

फिटर, टर्नर, एमएमवी, मशीनिस्ट, वेल्डर और इलेक्ट्रीशियन ट्रेड से आईटीआई पास 18 से 25 वर्ष के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। इस श्रेणी में 50 पुरुष और 100 महिला अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित युवाओं को एक वर्ष की अप्रेंटिसशिप के दौरान ₹17,060 प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा। इसके बाद एक वर्ष टीटीएस के तहत ₹18,060 प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।

पीएमआईएस स्टूडेंट ट्रेनी के 150 पद:

इस श्रेणी में 10वीं या 12वीं पास गैर-आईटीआई अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा। 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के 50 पुरुष और 100 महिला अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इन्हें कुल ₹23,321 प्रतिमाह का लाभ मिलेगा। इसमें ₹15,221 कंपनी की ओर से और ₹8,100 केंद्र सरकार की ओर से सीधे बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से दिए जाएंगे।

इस भर्ती के लिए पुरुष अभ्यर्थियों की न्यूनतम लंबाई 160 सेंटीमीटर और वजन 50 किलोग्राम होना चाहिए। वहीं, महिला अभ्यर्थियों की न्यूनतम लंबाई 150 सेंटीमीटर और वजन 40 किलोग्राम निर्धारित किया गया है। ड्राइविंग लाइसेंस रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

चयनित युवाओं को तीन दिन होटल में ठहरने की सुविधा, यूनिफॉर्म, सुरक्षा जूते, कैंटीन, एक लाख रुपये का मेडिक्लेम, सवेतन अवकाश और अनुभव प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए 9118561562 पर संपर्क किया जा सकता है।

बैक्स एनर्जी में 500 पदों पर भर्ती
बैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से सौर और पवन ऊर्जा परियोजनाओं के लिए 500 पुरुष अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इसके लिए 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवा पात्र होंगे। भर्ती कंपनी के रोल पर की जाएगी।

गुजरात के द्वारका स्थित सोलर प्रोजेक्ट और तमिलनाडु-कर्नाटक के विंड पावर प्लांट में काम करने के लिए आईटीआई के तकनीकी ट्रेडों से पास और बीएससी स्नातक अभ्यर्थियों का टेक्नीशियन या हेल्पर पद पर चयन होगा। इन पदों के लिए ₹17,000 मासिक सीटीसी निर्धारित है।

वहीं, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स में डिप्लोमा धारक अभ्यर्थियों को ट्रेनी या टेक्नीशियन पद पर नियुक्त किया जाएगा। इन पदों के लिए ₹18,000 मासिक सीटीसी दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त चयनित अभ्यर्थियों को पीएफ, ईएसआईसी और नियमानुसार अन्य भत्ते व सुविधाएं भी मिलेंगी। काम की प्रकृति को देखते हुए शारीरिक रूप से स्वस्थ युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

रोजगार मेले में शामिल होने के लिए क्या लेकर जाएं?

प्लेसमेंट अधिकारी एम. ए. खां के मुताबिक, इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 16 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे राजकीय आईटीआई, अलीगंज, लखनऊ परिसर में पहुंचकर साक्षात्कार में शामिल हो सकते हैं।

अभ्यर्थियों को अपने साथ निम्नलिखित दस्तावेज लाने होंगे:

10वीं और 12वीं की अंकतालिका व प्रमाण पत्र, जहां लागू हो
आईटीआई या डिप्लोमा की अंकतालिका व प्रमाण पत्र, जहां लागू हो
आधार कार्ड की छायाप्रति
पैन कार्ड
बैंक पासबुक की प्रति
चार पासपोर्ट साइज फोटो